Vedant Samachar

दिल दहला देने वाली घटना : दूसरी जाति में प्रेम करने पर युवक की हत्या, प्रेमिका ने शव से रचाई शादी

Vedant samachar
3 Min Read

महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है, जहां जातीय भेदभाव ने प्रेम कहानी को खूनी अंजाम तक पहुंचा दिया। दूसरी जाति की लड़की से संबंध होने पर 20 वर्षीय युवक सक्षम टेटे की निर्ममता से हत्या कर दी गई। आरोप है कि लड़की के पिता और भाइयों ने पहले उसे बेरहमी से पीटा, फिर सिर में गोली मारी और बाद में पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के अनुसार सक्षम टेटे और आंचल पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। आंचल अक्सर सक्षम के घर जाती थी, जिससे दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं। लेकिन जब परिवार को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध शुरू कर दिया। जाति के अंतर की वजह से लड़की के पिता और भाइयों ने आंचल पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया। धमकियों के बावजूद आंचल अपने रिश्ते पर अडिग रही और सक्षम से शादी करने का फैसला किया।

परिवार को जब इस बात की जानकारी मिली कि आंचल सक्षम से शादी करने वाली है, तो उन्होंने नृशंस कदम उठाया। गुरुवार को सक्षम को पकड़कर पहले पीटा गया, फिर गोली मारी और पत्थर से उसका सिर कुचलते हुए उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया।

युवक की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था, तभी आंचल उसके घर पहुंची। उसने मृत सक्षम के शरीर पर हल्दी लगाई, माथे पर सिंदूर भरा और उसके शव के साथ ही विवाह की रस्म अदा कर दी। आंचल ने घोषणा की कि वह सक्षम के परिवार के साथ ही उसकी पत्नी बनकर जीवन बिताएगी।

आंचल ने कहा— “सक्षम की मौत में भी हमारा प्यार जीत गया। मेरे पिता और भाई हार गए। हमारा रिश्ता खत्म नहीं हुआ, सिर्फ शरीर खत्म हुआ है, प्रेम आज भी जिंदा है।”
उसने सक्षम की हत्या के आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग भी की है।

पुलिस ने मामले में छह लोगों को आरोपी बनाया है और संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच जारी है।

यह दिल दहला देने वाली घटना समाज में सामाजिक भेदभाव और ऑनर किलिंग के प्रश्नों को एक बार फिर केंद्र में ला खड़ा करती है। प्रेम के नाम पर क्रूरता और जातीय घृणा के बीच यह घटना एक दर्दनाक उदाहरण बन गई है।

Share This Article