नई दिल्ली,30नवंबर : भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट के बाद अब वनडे सीरीज की शुरुआत हो गई है. सीरीज के पहले मैच में दोनों टीमों का आमना-सामना रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुआ. केएल राहुल की कप्तानी में टीम के एक स्टार खिलाड़ी की वापसी भी हुई. ये खिलाड़ी 2 साल से मौका का इंतजार कर रहा था.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले वनडे मैच के लिए युवा बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ को प्लेइंग 11 में शामिल किया गया. उन्हें लगभग 2 साल के बाद भारत के लिए वनडे मैच खेलने का मौका मिला. उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच दिसंबर 2023 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही खेला था.
घरेलू क्रिकेट में ऋतुराज गायकवाड़ का हालिया प्रदर्शन काफी शानदार रहा है, जिसके चलते वह टीम में वापसी करने में कामयाब रहे हैं. उन्होंने साउथ अफ्रीका ए टीम के खिलाफ भी अच्छी छाप छोड़ी थी. जहां उन्होंने 3 वनडे मैचों में 1 शतक की मदद से कुल 210 रन बनाए थे.
ऋतुराज गायकवाड़ ने इससे पहले टीम इंडिया के लिए कुल 7 मुकाबले खेले थे. इस दौरान वह 19.16 की खराब औसत से 115 रन ही बना सके थे. जिसमें सिर्फ 1 अर्धशतक शामिल था. जिसके बाद उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाया गया था. लेकिन अब उनकी नजर दमदार वापसी पर होगी.
पहले वनडे मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 में रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा को शामिल किया गया.



