Vedant Samachar

पीडीएस चावल वितरण को लेकर दो दलों में विवाद, ग्रामीण नाराज

Vedant samachar
2 Min Read

बिलाईगढ़,30नवंबर (वेदांत समाचार) । पीडीएस चावल वितरण को लेकर ग्राम पंचायत चिचोली और उसके आश्रित ग्राम सलौनी खुर्द में विवाद गहरा गया है। मामला तब बढ़ा जब दो अलग अलग दलों ने चावल वितरण को लेकर अपने अपने पक्ष बना लिए और किसी तीसरे व्यक्ति द्वारा दूसरे पंचायत में जबरन वितरण किए जाने की शिकायत अनुविभागीय अधिकारी से की गई। अधिकारी ने दोनों पक्षों को बुलाकर समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन दूसरा दल बैठक में पहुंचा ही नहीं। इस कारण ग्रामीणों में नाराजगी है।

कैसे शुरू हुआ विवाद?
यह विवाद सलौनी खुर्द में दो माह से रुके पीडीएस चावल के कारण शुरू हुआ। सलौनी खुर्द के ग्रामीणों का कहना है कि चिचोली के लोग उनके गांव आकर चावल लेने से इनकार कर रहे हैं। पहले सलौनी खुर्द के ग्रामीण चिचोली जाकर चावल लेते थे, इसलिए अब चिचोली के ग्रामीणों को भी सलौनी खुर्द आना चाहिए। लेकिन आरोप है कि चिचोली के लोग बेवजह विवाद कर रहे हैं और चावल लेने नहीं आ रहे।

इसी बीच पप्पू उर्फ तेज साहू नामक व्यक्ति ने बिना अनुमति चिचोली के ग्रामीणों को दूसरे पंचायत क्षेत्र सलिहाघाट में जाकर चावल बांट दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह कार्य नियमों के खिलाफ है। शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी ने पप्पू साहू को फटकार लगाई।

उधर चिचोली के ग्रामीणों ने चिचोली में भी चावल भंडारण की मांग का आवेदन दिया है, जिस पर अभी कोई तय निर्णय नहीं हुआ है। इसके बावजूद पप्पू द्वारा चावल वितरण कर दिया गया।

वर्तमान में अनुविभागीय अधिकारी ने निर्देश दिया है कि फिलहाल पीडीएस चावल का वितरण सलौनी खुर्द से ही किया जाएगा।

इस पूरे विवाद को देखते हुए दोनों दलों के बीच बैठकर सामंजस्य बनाने की जरूरत है ताकि तनाव न बढ़े और क्षेत्र में शांति बनी रहे।

Share This Article