Vedant Samachar

वैभव सूर्यवंशी ने 16 दिन पहले जो किया, अभिषेक शर्मा ने उसे दोहराया, सिर्फ इतनी गेंदों पर जड़ा शतक

Vedant samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,30नवंबर : भारतीय टी20 क्रिकेट में तेज शतकों का नया दौर शुरू हो चुका है. 14 नवंबर 2025 को 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में 32 गेंदों पर शतक ठोककर इतिहास रचा था, वैभव ने 35 या उससे कम गेंदों में दो टी20 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया था. ऐसा कारनामा जो पहले कभी नहीं हुआ था, तब लगा था कि यह रिकॉर्ड लंबे समय तक कोई नहीं तोड़ पाएगा. लेकिन अभिषेक शर्मा ने 16 दिन में ही वैभव सूर्यवंशी के इस वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.

अभिषेक शर्मा ने जड़ा ऐतिहासिक शतक

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में बंगाल के खिलाफ पंजाब के कप्तान अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी ने उन्हें अब वैभव के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा कर दिया है. अभिषेक ने इस मैच में सिर्फ 32 गेंदों में शतक पूरा किया. इस दौरान उन्होंने 7 चौके और गजब के 11 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट भी 321.88 का रहा. यह अभिषेक का 35 या कम गेंदों में दूसरा टी20 शतक है. पिछले साल इसी टूर्नामेंट में उन्होंने 28 गेंदों पर शतक जड़ा था. अब वह वैभव सूर्यवंशी के साथ दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने इतनी तेजी से दो-दो टी20 शतक ठोके हैं. अभिषेक शर्मा ने अपनी इस पारी में कुल 148 रन बनाए, जिसके लिए उन्होंने 52 गेंदों का सामना किया और 8 चौके- 16 छक्के जड़े.

बता दें, वैभव सूर्यवंशी ने दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2025 के अपने पहले मैच में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ 32 गेंदों पर शतक लगाया था. उन्होंने 42 गेंदों पर कुल 144 रनों की पारी खेली थी. वहीं, इससे पहले उन्होंने आईपीएल 2025 के दौरान 35 गेंदों पर शतक ठोका था. वैभव सूर्यवंशी ने ये पारी गुजरात की टीम के खिलाफ खेली थी.

रोहित के बराबर पहुंचे
टी20 क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का ये 8वां शतक है. इसी के साथ वह भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा शतक जड़ने के मामले में रोहित शर्मा के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. टी20 क्रिकेट में रोहित के नाम भी 8 शतक दर्ज हैं. वहीं, विराट कोहली 9 शतक के साथ इस लिस्ट में सबसे आगे हैं.

Share This Article