Vedant Samachar

CG BREAKING: रायपुर में हाई अलर्ट के बीच चाकूबाजी से फैली सनसनी, बहन से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर हमला

Vedant samachar
3 Min Read
Oplus_131072

रायपुर, 29 नवंबर (वेदांत समाचार)। रायपुर में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर जारी हाई अलर्ट के बावजूद राजधानी में शुक्रवार देर रात एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम होने के बीच कोतवाली थाना क्षेत्र में बदमाशों ने बेखौफ होकर चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। छेड़छाड़ का विरोध करने पर चार युवकों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

जानकारी के अनुसार रात करीब 10 बजे रौनक तांडी अपनी बहन के साथ घर के पास ही निकला हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र के बदमाश हर्ष सोनी, नवीन सोनी, रैंबो सैंदरे और ईशान दीप ने उसकी बहन के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। रौनक ने विरोध कर आरोपियों को फटकार लगाई, जिससे गुस्साए बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की और फिर उस पर चाकू से एक के बाद एक वार कर दिए।

हमले में रौनक के हाथ, सीने और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार युवक खतरे से बाहर है, लेकिन शरीर पर कई जगह गहरे घाव पाए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सभी आरोपी वारदात के बाद फरार मिले। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। अधिकारियों के मुताबिक चारों बदमाशों के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिली है।

हाई अलर्ट के दौरान हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि क्षेत्र में असामाजिक तत्व सक्रिय हैं और पुलिस गश्त की कमी का फायदा बदमाश उठा रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों पर हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में तनाव है और लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है। प्रधानमंत्री दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साये में हुई यह घटना शहर की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल छोड़ गई है।

Share This Article