Vedant Samachar

IND vs SA: अब ओपनर नंबर 4 पर खेलेगा, गौतम गंभीर की कोचिंग में ले लिया गया ये फैसला?

Vedant samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,29नवंबर : भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर पिछले कुछ समय से इसलिए विवादों में हैं क्योंकि वो किसी भी बल्लेबाज की बैटिंग पोजिशन बदल देते हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उन्होंने एक पारी में वॉशिंगटन सुंदर को नंबर 3 पर बैटिंग करा दी वहीं दूसरी पारी में वो नंबर 8 पर खेले. अब वनडे सीरीज में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल सकता है. रांची से जो खबर सामने आ रही है उसके मुताबिक टॉप ऑर्डर पर बैटिंग करने वाले ऋतुराज गायकवाड़ अब नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं. दिलचस्प बात ये है कि वनडे टीम में तिलक वर्मा भी हैं जो नंबर 4 या नंबर 5 के रेगुलर बल्लेबाज हैं.

ऋतुराज गायकवाड़ पर रही खास नजर
रांची में शुक्रवार को हुई ट्रेनिंग में ऋतुराज गायकवाड़ खासतौर पर फोकस में थे. ये खिलाड़ी लगभग 45 मिनट तक बैटिंग प्रैक्टिस करता नजर आया. खास बात ये थी कि उन्हें विराट कोहली ने टिप्स दिए और उसके बाद गौतम गंभीर ने भी उनसे काफी देर तक बातचीत की. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गायकवाड़ को नंबर चार पर बैटिंग कराई जा सकती है. दिलचस्प बात ये है कि गायकवाड़ आमतौर पर ओपनिंग करते हैं लेकिन वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करेंगे इसलिए उन्हें नंबर चार पर खेलना पड़ सकता है.

ऋतुराज गायकवाड़ का प्रदर्शन
ऋतुराज गायकवाड़ की लंबे समय बाद टीम इंडिया में वापसी हुई है. इस खिलाड़ी को 6 वनडे मैचों के बाद टीम से बाहर कर दिया गया था. दरअसल गायकवाड़ इन 6 मैचों में परफॉर्म भी नहीं कर पाए थे. इस खिलाड़ी ने 19.16 की औसत से 115 रन ही बनाए. गायकवाड़ इन सभी मैचों में बतौर ओपनर खेले लेकिन अब इस खिलाड़ी को नंबर चार पर उतारा जा सकता है.

गायकवाड़ हाल ही में साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ वनडे सीरीज खेले थे जहां उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक लगाकर अपनी शानदार फॉर्म का सबूत दिया था लेकिन ये पारियां उन्होंने बतौर ओपनर खेली थी. अब गायकवाड़ नंबर चार पर खेलेंगे तो उन्हें अपने खेल में काफी बदलाव करने होंगे जो कि एक खिलाड़ी के लिए इतना आसान नहीं होता है. और अगर गायकवाड़क को नंबर चार पर उतारा गया तो कहीं ना कहीं ये तिलक वर्मा के साथ नाइंसाफी होगी जो कि नंबर चार के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज माने जाते हैं. अब देखना ये है कि रांची में टीम इंडिया किस रणनीति और बैटिंग ऑर्डर के साथ उतरती है.

Share This Article