Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाया चोरी का मामला, आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

जांजगीर, 25 नवंबर (वेदांत समाचार)। थाना जांजगीर पुलिस एवं साइबर टीम ने तत्परता दिखाते हुए रात्रि में हुए चोरी के मामले का महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने प्रोविजन दुकान का शटर तोड़कर गल्ला से नगदी रकम चोरी की थी।

घटना 24 नवंबर 2025 की है, जब जांजगीर स्थित वार्ड क्रमांक 04, पुराने कलेक्ट्रेट के पीछे रहने वाले प्रार्थी विनय राठौर की दुकान का शटर रात में किसी अज्ञात चोर ने तोड़ दिया था। आरोपी गल्ला में रखी 12,000 रुपये की राशि चोरी कर फरार हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

चोरी की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर थाना जांजगीर पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि जांजगीर के सिंचाई कॉलोनी, शिव मंदिर के सामने रहने वाला आरोपी दीपक सिरमौर (उम्र 19 वर्ष) इस चोरी की घटना में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने लोहे के रॉड की मदद से दुकान के शटर का ताला तोड़ा और गल्ला से नगदी रकम चोरी की। चोरी की गई राशि में से कुछ रकम उसने खर्च कर दी थी, जबकि बचे हुए ₹3600 और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड पुलिस ने जप्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी पर धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक माणिकांत पांडे, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी तथा साइबर टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share This Article