जांजगीर-चांपा, 25 नवम्बर (वेदांत समाचार)। जिले के सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम कमरीद निवासी और कोरबा स्टेशन में पदस्थ लोको पायलट डॉ. टंकेश कुमार महंत को आगामी 26 जनवरी 2026 को जयपुर, राजस्थान में आयोजित समारोह में ‘भारत सेवा रत्न 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें शिक्षा, समाज सेवा और ग्रामीण क्षेत्र में प्रतिभाओं के उत्थान के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है।
डॉ. महंत बीते 12 वर्षों से निःशुल्क शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन, स्वरोजगार स्थापना और रक्तदान व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। समाज के प्रति उनके समर्पित प्रयासों, नेतृत्व क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच को देखते हुए राष्ट्रीय जूरी ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया है।
डॉ. टंकेश महंत इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सम्मानों से नवाजे जा चुके हैं। इनमें राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार, प्रधानमंत्री संग्रहालय (दिल्ली) में विश्व संस्कृति एवं पर्यावरण संगठन द्वारा दी गई मानद डॉक्टरेट उपाधि, सावित्रीबाई फुले सम्मान, स्वामी विवेकानंद सम्मान, राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान (कोलकाता) तथा शिक्षा शिरोमणि अवॉर्ड 2025 (मुंबई) शामिल हैं।
कोरबा रेलवे स्टेशन में 2013 से लोको पायलट के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. महंत ने वर्ष 2015 में ‘मंजिल गुरुकुल निःशुल्क शिक्षण संस्थान’ की स्थापना की। यह संस्थान रेलवे परिवार और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी करवाने के लिए जाना जाता है। उनके मार्गदर्शन में अब तक 25 से अधिक छात्र विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित होकर सेवाएं दे रहे हैं।
ग्रामीण व पिछड़े क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी डॉ. महंत लगातार कार्यरत हैं। वे ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराते हैं, साथ ही कई जरूरतमंद छात्रों को आर्थिक सहायता, करियर मार्गदर्शन और परीक्षा तैयारी में सहयोग भी प्रदान करते हैं। शिक्षा को व्यावहारिक और रोजगारमूलक बनाने की दिशा में उनके प्रयास ग्रामीण युवाओं के लिए नई संभावनाएं खोल रहे हैं।
‘भारत सेवा रत्न 2026’ की घोषणा से जांजगीर-चांपा और कोरबा क्षेत्र में खुशी की लहर है। मंजिल गुरुकुल परिवार सहित उनके माता-पिता और पूरा परिवार इस उपलब्धि को लेकर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।



