रायपुर,22 नवम्बर (वेदांत समाचार)। जीई रोड स्थित एनआईटी के पास साइंस कॉलेज मैदान की चौपाटी हटाने की कार्रवाई को लेकर शनिवार देर रात से ही विवाद गहरा गया। कांग्रेस नेता अपने समर्थकों और चौपाटी संचालकों के साथ पूरी रात मौके पर धरने पर बैठे रहे। सुबह जब नगर निगम का अमला पुलिस बल व जेसीबी मशीन के साथ चौपाटी हटाने पहुंचा तो जोरदार हंगामा शुरू हो गया।
हंगामे के बीच कांग्रेस नेता ने प्रशासन की कार्रवाई का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि “यहाँ चौपाटी तभी हटा पाएंगे जब यह जेसीबी मेरे ऊपर से निकलकर जाए।” उन्होंने आरोप लगाया कि एक जिम्मेदार नेता की जिद में करीब 10 करोड़ रुपये के कार्यों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
इसी दौरान स्थानीय विधायक राजेश मूणत के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाना शुरू किया। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि प्रशासन चौपाटी हटाने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।



