गढ़चिरौली मुठभेड़ के विरोध में नक्सलियों ने मचाया उत्पात

जगदलपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली मुठभेड़ के विरोध में नक्सलियों ने 6 राज्यों में आज बंद का आह्वान किया है। बंद को सफल बनाने के लिए बस्तर में माओवादियों ने अब उत्पात मचाना भी शुरू कर दिया है। नारायणपुर में नक्सलियों ने सरपंच पति की हत्या कर दी। एक JCB वाहन को भी आग के हवाले कर दिया। इधर, सुकमा में सड़क पर पेड़ गिरा मार्ग को बंद कर दिया। साथ ही जगह-जगह बैनर पोस्टर भी चस्पा किए हैं।

माओवादियों ने नारायणपुर में करमरी पंचायत के सरपंच पति बिरजूराम सलाम की शुक्रवार देर रात गला रेत कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बिरजूराम के पास से नक्सलियों ने 50 हजार रुपए भी लूट लिए। साथ ही इसी नक्सल इलाके में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। इस निर्माण कार्य में लगी JCB वाहन को भी नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया।

वहीं नक्सलियों ने बाजार स्थल और बिरजूराम की बाइक में बैनर-पोस्टर लगा कर आज बंद को सफल बनाने आह्वान भी किया है। नक्सलियों की नेलनार एरिया कमेटी ने इस घटना को अंजाम दिया है।

गढ़चिरौली में 27 नक्सली हुए थे ढेर

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर लगभग 2 सप्ताह पहले सुरक्षाबलों ने 1.61 करोड़ के 27 नक्सलियों को मार गिराया था। इनमें 1 लाख रुपए से लेकर 5 लाख रुपए तक के हार्डकोर इनामी माओवादी भी शामिल थे। 2021 में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस की यह सबसे बड़ी सफलता रही है। इसी मुठभेड़ के विरोध में नक्सली बौखला गए हैं। उन्होंने आज महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़,ओडिशा, तेलंगाना, मध्य प्रदेश और आंध्र प्रदेश इन 6 राज्यों में बंद का आह्वान किया है।