Vedant Samachar

बालको टाउनशिप स्कूल में वार्षिक खेल उत्सव 2025-26 उत्साहपूर्वक संपन्न

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,21 नवम्बर 2025। बालको नगर स्थित टाउनशिप अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक खेल उत्सव 2025-26 का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चन्द्रमणि यादव थे। साथ ही समिति के सचिव रविन्द्र यादव, सहसचिव मिनेश्वर पेगु, कोषाध्यक्ष महेन्द्र चन्द्रा एवं प्राचार्या नीलम सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। अतिथियों के आगमन पर विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ तथा सांस्कृतिक स्वागत प्रस्तुति देकर उनका अभिवादन किया।

प्राचार्या नीलम सिंह ने अपने स्वागत उद्बोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और टीमवर्क की भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने बताया कि विद्यालय वर्षों से खेल व सहगामी गतिविधियों को प्राथमिकता देते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम में एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, दौड़, बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न वर्गों में विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सहित समिति के पदाधिकारियों द्वारा उत्कृष्ट खेल पुरस्कार एवं प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। बच्चों को मंच पर सम्मानित किए जाने के दौरान अभिभावकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि चन्द्रमणि यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद जीवन को संतुलित और सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को खेल भावना से आगे बढ़ने और अपने लक्ष्यों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और यादगार बना दिया।

Share This Article