जांजगीर-चांपा, 20 नवंबर (वेदांत समाचार)। चांपा विकासखंड के ग्राम बिरगहनी में चूना पत्थर खदान संचालकों द्वारा किए जा रहे अवैध खनन, दूषित हैंडपंप पानी से फैल रहे भूजल प्रदूषण और भूजल स्तर में भारी गिरावट के गंभीर मामलों पर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पहल स्थानीय आरटीआई कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता विकास शर्मा द्वारा 29 अक्टूबर 2025 को राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार को भेजे गए ई-मेल के आधार पर की गई है, जिसमें अवैध खनन व फ्लाई ऐश डंपिंग से बढ़ते पर्यावरणीय खतरों की विस्तृत शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता देखते हुए खनिज अधिकारी,
जांजगीर-चांपा ने पत्र क्रमांक 4054/ख.लि./2025, 4057/ख.लि./2025 एवं 4058/ख.लि./2025 जारी कर संबंधित विभागों को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
खनिज शाखा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार—
▪ जिला कलेक्टर (खनिज शाखा) ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मामले की निगरानी प्रारंभ की है।
▪ कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन विभाग को हैंडपंप के दूषित पानी, गिरते भूजल स्तर और अवैध खनन से जुड़े बिंदुओं की त्वरित जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा गया है।
▪ पर्यावरण संरक्षण मंडल, बिलासपुर को फ्लाई ऐश की अवैध डंपिंग और पर्यावरणीय क्षति के मामलों की जांच कर कार्रवाई विवरण खनिज विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
खनिज अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विभागों की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में वैधानिक एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता विकास शर्मा को भी प्रकरण की जानकारी दे दी गई है।
जिला प्रशासन ने खदान संचालकों को चेतावनी दी है कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मामलों की सूचना समय पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।



