Vedant Samachar

AUS vs ENG: 2 खिलाड़ियों का डेब्यू, 14 साल बाद होगा ऐसा, ऑस्ट्रेलिया ने पहले एशेज टेस्ट की चुनी प्लेइंग 11

Vedant Samachar
3 Min Read

नई दिल्ली,20नवंबर : ऑस्ट्रेलिया ने 21 नवंबर से पर्थ में खेले जाने वाले पहले एशेज टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है. प्लेइंग इलेवन में 2 नए खिलाड़ियों को मौका मिला है. वहीं एक इनफॉर्म ऑलराउंडर को टीम से ड्रॉप भी कर दिया गया है. पैट कमिंस, जॉश हेजलवुड और शॉन एबट की गैर हाजिरी में ऑस्ट्रेलिया के लिए इंग्लैंड के खिलाफ खेला जाने वाला पहला टेस्ट बेहद अहम है. स्टीव स्मिथ इस टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगे.

इन दो नए खिलाड़ियों को मौका
ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में होने वाले पहले एशेज टेस्ट के लिए जिन दो नए खिलाड़ियों को मौका दिया है, उनमें एक ब्रेडन डॉगेट हैं और दूसरे जेक वेदरॉल्ड. ब्रेंडन टेस्ट डेब्यू करने वाले ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी नंबर 472 बने हैं. तो वहीं वेदरॉल्ड टेस्ट डेब्यू करने वाले 473वें ऑस्ट्रेलियाई होंगे.

14 साल बाद होगा ऐसा
टेस्ट क्रिकेट में 14 साल बाद ऐसा होने जा रहा है जब एक से ज्यादा खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के लिए डेब्यू करने वाले हैैं. इससे पहले 2010-11 में खेले न्यू ईयर टेस्ट में उस्मान ख्वाजा और माइक बीयर का टेस्ट डेब्यू देखने को मिला था.

ऑस्ट्रेलिया की नई ओपनिंग जोड़ी
डेविड वॉर्नर के रिटायर होने के बाद से उस्मान ख्वाजा का ओपनिंग पार्टनर भी ऑस्ट्रेलिया के लिए एक बड़ा सवाल बना है. पर्थ में डेब्यूटेंट जेक वेदरॉल्ड उनके नए ओपनिंग पार्टनर होंगे. 2022 से अब तक ये ऑस्ट्रेलिया की 7वीं ओपनिंग जोड़ी होगी. 31 साल के वेदरॉल्ड शेफील्ड शील्ड में टॉप स्कोरर रहे थे.

तेज गेंदबाज ब्रेंडन डॉगेट को भी घरेलू क्रिकेट में उनके जोरदार प्रदर्शन का इनाम मिला है, जो कमिंस और हेजलवुड की गैर-मौजूदगी में स्टार्क और बोलैंड का साथ निभाते दिखेंगे.

ब्यू वेब्स्टर को मौका नहीं
हालांकि, ब्रेंडन डॉगेट और जेक वेदरॉल्ड को एक ओर जहां डेब्यू का मौका मिला, वहीं ब्यू वेब्स्टर को टीम से बाहर होना पड़ा है. 35 की बैटिंग औसत और 23 की गेंदबाजी औसत रखने वाले ऑलराउंडर वेब्स्टर ने पिछले समर में मिचेल मार्श को ऑस्ट्रेलियाई टीम में रिप्लेस किया था.

पर्थ टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग 11
उस्मान ख्वाजा, जेक वेदरॉल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी, मिचेल स्टार्क, नाथन लायन, ब्रेंडन डॉगेट, स्कॉट बोलैंड

Share This Article