रायपुर,20नवंबर (वेदांत समाचार) । मौसम विभाग के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक शीतलहर जारी रहेगी। इसके बाद अगले पांच दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है, जिससे ठंड में कमी आएगी। बुधवार को राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री बढ़ा है।
सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर का असर बना रह सकता है। वहीं रायगढ़ में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। नगर निगम ने ठंड से राहत देने के लिए 9 स्थानों पर अलाव व्यवस्था की है।
उत्तर भारत से आ रही तेज ठंडी हवाओं के कारण राज्य में ठंड लगातार बढ़ी है। मैदानी क्षेत्रों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां रात का तापमान 11.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 7 डिग्री कम है। रायपुर में भी नवंबर में नौ साल में दूसरी बार न्यूनतम तापमान 13°C तक गिरा।
पिछले 24 घंटों में राज्य का अधिकतम तापमान 30.0°C दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 8.0°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। दो दिन पहले अंबिकापुर का तापमान 6°C तक पहुंच गया था, जो पिछले दस वर्षों में नवंबर में पहली बार दर्ज हुआ है।



