संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री शाह ने दी बधाई

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संविधान दिवस की बधाई दी है। आज का दिन यानि 26 नवम्बर आजाद भारत के इतिहास में बेहद खास है। भारत में औपचारिक रूप से 26 नवंबर 1948 को संविधान को अपनाया गया था लेकिन इसे लागू 26 जनवरी 1949 को किया गया। भारत का संविधान देश के हर नागरिक को आजाद भारत में रहने का समान अधिकार देता है। इस दिन को मनाने का उद्देश्य देश के युवाओं के बीच में संविधान के मूल्यों को बढ़ावा देना व जागरूकता फैलाना है।

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई देते हुए अपने ट्वीट में लिखा- हमारे देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस विशेष दिन पर, डॉ. अम्बेडकर के 4 नवंबर 1948 को संविधान सभा में दिए गए भाषण का एक अंश शेयर कर रहा हूं, जिसमें उन्होंने मसौदा समिति द्वारा तय किए गए प्रारूप संविधान को अपनाने के लिए एक प्रस्ताव पेश किया।

प्रधानमंत्री ने दूसरे ट्वीट में लिखा कोई भी संविधान चाहे वह कितना ही सुंदर, सुव्यवस्थित और सुदृढ़ क्यों न बनाया गया हो, यदि उसे चलाने वाले देश के सच्चे, निस्पृह, निस्वार्थ सेवक न हों तो संविधान कुछ नहीं कर सकता. डॉ. राजेंद्र प्रसाद की यह भावना पथ-प्रदर्शक की तरह है।

हमें प्रस्तावना को ध्यान से पढ़ना चाहिए : जेपी नड्डा

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस मौके पर कहा है कि बीआर अंबेडकर ने समानता पर जोर दिया, जहां सभी की भागीदारी से लोकतंत्र का विकास होता है। संविधान दिवस पर हमें प्रस्तावना को ध्यान से पढ़ना चाहिए। सरकारें आती हैं और जाती हैं, लेकिन लोकतंत्र में हमारे मौलिक अधिकार पनपने चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी भारत रत्न बीआर अंबेडकर को स्वतंत्र भारत में उनके योगदान और भारत के संविधान को देने के लिए याद करते हैं, जो आज हमारे पास है। 1949 में आज ही के दिन संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकार किया था।

गृहमंत्री अमित शाह ने भी दी शुभकामनाएं

इस मौके पर देश के गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा संविधान लोकतंत्र की आत्मा होने के साथ-साथ भारत की एकता व प्रगति का मूल आधार है। संविधान दिवस पर भारतीय संविधान के शिल्पी बाबासाहेब अंबेडकर व सभी महापुरुषों को नमन करता हूं। मोदी सरकार बाबासाहेब के पदचिन्हों पर चलकर देश के हर वर्ग के कल्याण व उन्हें अधिकार दिलाने हेतु कटिबद्ध है।

रक्षामंत्री ने किया ये ट्वीट

वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने संविधान दिवस के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, संविधान दिवस के अवसर पर सभी भारतीयों को बधाई। आज हम उन प्रतिष्ठित लोगों को याद करते हैं जिन्होंने भारत की भलाई के लिए संविधान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की। आइए हम इस देश में न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के लिए खुद को फिर से समर्पित करें।

भाजपा चलाएगी ‘‘संविधान गौरव अभियान’’

भाजपा 26 नवंबर यानी संविधान दिवस से लेकर 6 दिसंबर तक देशभर में ‘‘संविधान गौरव अभियान’’ चलाएगी और इस दौरान वह सभी राज्यों के जिला मुख्यालयों में यात्राएं निकालने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सममेलन में यह घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा पूरे देश में 26 नवंबर (संविधान दिवस) से छह दिसंबर (बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस) तक संविधान गौरव अभियान चलाएगा।’’