क्लाइंड से मीटिंग का झांसा देकर होटल बुलाया, फिर करने लगा ब्लैकमेल; तंग आकर थाने पहुंची महिला

दुर्ग 26 नवंबर (वेदांत समाचार)। पुलिस ने गुरुवार शाम दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपी एक संस्था में मैनेजर है। उसने अपनी 34 वर्षीय सहकर्मी महिला को वेतन बढ़ाने और काम के बहाने होटल बुलाया और वहां उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने उसे बदनाम करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण करता रहा। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि आरोपी कौशल भारती गुरुनानक नगर भिलाई में रहता है। वह मौर्या टॉकीज चौराहा के पास स्थित एक कंपनी में मैनेजर है। उसकी संस्था अलग-अलग बैंकों से टाई अप करके जरूरतमंद को पर्सनल लोन दिलाने का काम करती है। आरोपी ने साथ काम करने वाली एक महिला कर्मचारी को 27 अक्टूबर को क्लाइंट से मीटिंग होने की बात कहकर होटल में बुलाया। महिला सहकर्मी जब होटल पहुंची तो मैनेजर ने उसका वेतन को बढ़ाने का लालच दिया।

आरोप है कि उसके बाद मैनेजर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर महिला को जान से मारने की धमकी दी और दुष्कर्म किया। इसके बाद मैनेजर ने कई बार महिला को धमकी देकर बुलाया और उसका शारीरिक शोषण किया। कुछ दिन पहले जब महिला ने उसकी बात मानने से मना किया तो आरोपी ने उसे दफ्तर में बदनाम करने की कोशिश की। परेशान होकर महिला थाने पहुंची और FIR दर्ज कराई।