जांजगीर,18 नवम्बर 2025 (वेदांत समाचार)। फिरौती के लिए हुए अपहरण के प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक रात्रे पिता रामरतन रात्रे (21 वर्ष), निवासी दर्राभाटा थाना जांजगीर को सोमवार को पकड़कर रिमांड पर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 जून 2025 को बुधराम साहू ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पुत्र किशन कुमार साहू का अपहरण कर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा 17 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जा रही है। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
जांच के दौरान अपहृत किशन कुमार साहू को अभय कुमार के कब्जे से सुरक्षित बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि घटना में दीपक रात्रे और आयशा बेगम की भी संलिप्तता थी। इसके बाद पुलिस ने आयशा बेगम को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था, जबकि दीपक रात्रे घटना के बाद से फरार चल रहा था।
लगातार तलाश के बाद पुलिस ने दीपक रात्रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिरौती के उद्देश्य से अपहरण करने की बात स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी उसके घर से बरामद किया गया। कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश कर जिला जेल जांजगीर भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक माणिकांत पांडे, उपनिरीक्षक कमलदास बनर्जी सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



