Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस का एक्शन मोड: फरार वारंटियों पर बड़ी कार्रवाई, पूरे जिले में चला सर्च ऑपरेशन

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,16नवंबर (वेदांत समाचार) । जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा बीती रात विशेष सर्च अभियान संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान में फरार वारंटियों की धरपकड़ के साथ-साथ निगरानी एवं गुंडा बदमाशों पर भी कड़ी निगरानी रखी गई।

पुलिस की विभिन्न टीमों ने देर रात तक जिले के चिन्हित स्थानों पर सघन नाकाबंदी, रात्रिकालीन गश्त और दबिश कार्रवाई की। इस दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 16 फरार वारंटियों को पकड़े जाने में सफलता मिली। इनमें थाना जांजगीर क्षेत्र से 05 गिरफ्तारी वारंट, थाना बलौदा से 01 स्थायी वारंट, अकलतरा/कोटमीसोनार क्षेत्र से 08 स्थायी वारंट तथा पामगढ़ से 02 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।

इसके अलावा सर्च अभियान के दौरान जिले के 132 निगरानी एवं गुंडा बदमाशों के निवास स्थलों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों, व्यवसाय एवं जीविकोपार्जन की जानकारी लेते हुए पुलिस ने उनकी विस्तृत जांच की। उपस्थित बदमाशों को क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत भी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि लगातार अपराधों में संलिप्त रहने वालों को निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सूची में शामिल किए जाने की प्रक्रिया भी जारी है।

जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था को हर स्थिति में सुदृढ़ बनाये रखने तथा आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनी रहे।

Share This Article