रायपुर,16नवंबर (वेदांत समाचार) । नए साल में रायपुर-मुंबई के बीच सफर करने वाले यात्रियों को नई फ्लाइट का विकल्प मिलेगा. दोनों शहरों के बीच यात्रियों की काफी संख्या को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस एक फरवरी से चौथी उड़ान शुरू करने की तैयारी में है. यह फ्लाइट दोपहर के शेड्यूल में आवाजाही करेगी. चौथी फ्लाइट आने के बाद यात्रियों का सफर और आसान होने की उम्मीद है.
रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से विभिन्न शहरों से संचालित होने वाली फ्लाइटों में दिल्ली, मुंबई की डिमांड काफी रहती है. दिल्ली के लिए अब नियमित रूप से आठ उड़ान का संचालन किया जाता है. अभी मुंबई रायपुर के बीच निजी एयरलाइंस अपनी तीन उड़ानों का संचालन करता है. सामान्य दिनों में भी दोनों शहरों के बीच का किराया दस हजार से अधिक होता है और पीक सीजन में तो इसका किराया दो से ढाई गुना तक पहुंच जाता है.
यात्रियों की संख्या और डिमांड को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने रायपुर से नवी मुंबई के बीच एक फरवरी से चौथी उड़ान शुरू करने की घोषणा की है. यह फ्लाइट दोपहर के शेड्यूल में आवाजाही करेगी. रायपुर-मुंबई के बीच विमानों की संख्या बढ़ाने की मांग काफी समय से की जा रही थी.



