कोरबा,15नवंबर (वेदांत समाचार)। शासकीय महाविद्यालय दीपका में स्वैच्छिक रक्तदान महोत्सव एवं सड़क सुरक्षा अभियान 2025 का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ नव प्रगति मंच, गोंडवाना पीस फाउंडेशन तथा जिला पुलिस कोरबा के संयुक्त सहयोग से आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता साहू, अध्यक्ष जनभागीदारी समिति एवं उपाध्यक्ष नगर पालिका दीपका द्वारा सरस्वती माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। यातायात पुलिस विभाग से सहायक उप निरीक्षक मनोज राठौर ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सावधानी उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
गोंडवाना पीस फाउंडेशन एवं नव प्रगति मंच की टीम द्वारा प्रतिभागियों का रक्त समूह परीक्षण, बीपी जाँच सहित अन्य स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। कई छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणजनों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संकल्प दोहराया। सभी रक्तदाताओं को अतिथियों ने हेलमेट एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के साथ सूर्यप्रकाश शर्मा, बसंत कंवर (जनपद सदस्य), हेमंत नेटी (पूर्व छात्र), सपूरण सिंह (निर्देशक, नव प्रगति मंच), मनोज राठौर (सहा. निरीक्षक, कोरबा), अर्जुन वस्त्राकार (मैनेजिंग डायरेक्टर, नव प्रगति मंच) तथा गणेश उईके (संचालक, गोंडवाना पीस फाउंडेशन) सहित महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापक, कार्यालयीन कर्मचारी एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक एस.के. राठौर ने किया तथा अतिथियों का आभार सहायक प्राध्यापक जे.सी. देवांगन ने व्यक्त किया। प्रभारि प्राचार्य डॉ. ममता ठाकुर ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
