सुशासन तिहार: कोरबा के ग्राम कनकी में जनसमस्या निवारण शिविर, 182 आवेदनों का मौके पर समाधान – vedantsamachar.in

सुशासन तिहार: कोरबा के ग्राम कनकी में जनसमस्या निवारण शिविर, 182 आवेदनों का मौके पर समाधान

कोरबा, 04 मई । छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार के तहत कोरबा जिले के ग्राम कनकी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।

शिविर में मत्स्य, पंचायत, राजस्व और खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित होकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया। ग्रामीणों ने भी अपनी मांगों और समस्याओं से संबंधित कुल 962 आवेदन प्रस्तुत किए, जिनमें से 182 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों का परीक्षण कर जल्द समाधान किया जाएगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर ने शिविर को जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गांव, गरीब और किसान को योजनाओं का लाभ सीधे उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर अपराधों से सतर्क रहने, अनावश्यक पेड़ कटाई से बचने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अशोक बाई कंवर ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक सरलता से पहुंचाने के लिए ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनपद उपाध्यक्ष श्री मनोज झा ने कहा कि यह शिविर सरकार की जनकेन्द्रित सोच का उदाहरण है, जिससे ग्रामीणों को अब छोटे-बड़े कार्यों के लिए जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रत्येक आवेदन का समाधान किया जाएगा या समाधान न होने की स्थिति में स्पष्ट कारण बताए जाएंगे।

जनपद पंचायत करतला के सीईओ ने बताया कि शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत सलिहाभाठा को टीबी मुक्त ग्राम घोषित कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 3 हितग्राहियों को किसान किताब, 1 को आइस बॉक्स, 1 को ग्रोथ प्रमोटर, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 हितग्राहियों को मकान की चाबियां सौंपी गईं। महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत जॉब कार्ड और खाद्य विभाग द्वारा 5 लोगों को राशन कार्ड भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, डॉ. तरुण किरण (आईएएस), एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ और ग्रामीण विकास को नई गति मिली।