Vedant Samachar

महंगाई के दौर में राहत: पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम से हर महीने पाएं तय आय

Vedant samachar
3 Min Read

डेस्क। बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की जेब पर गहरा असर डाला है। ऐसे समय में जब हर घर की रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है, पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम (Post Office Monthly Income Scheme – POMIS) लोगों के लिए एक स्थिर और सुरक्षित आय का जरिया बन सकती है। यह योजना खासतौर पर रिटायर्ड लोगों और नियमित इनकम की तलाश करने वाले छोटे निवेशकों के लिए बेहद उपयोगी मानी जा रही है।

इस स्कीम के तहत निवेशक एकमुश्त राशि जमा करते हैं और उस पर हर महीने ब्याज के रूप में आय प्राप्त करते हैं। यह ब्याज दर वर्तमान में 7.40% सालाना तय की गई है, जो बचत खातों या फिक्स्ड डिपॉजिट की तुलना में बेहतर रिटर्न देती है।

अगर कोई व्यक्ति व्यक्तिगत खाता खोलता है, तो वह अधिकतम 9 लाख रुपये तक निवेश कर सकता है। इस पर उसे हर महीने लगभग ₹5,550 रुपये की आय मिलेगी। वहीं, संयुक्त खाता यानी पति-पत्नी मिलकर अधिकतम 15 लाख रुपये तक निवेश कर सकते हैं, जिससे उन्हें हर महीने करीब ₹9,250 रुपये की इनकम प्राप्त होगी।

यह स्कीम पूरी तरह सुरक्षित है क्योंकि इसे भारत सरकार द्वारा संचालित किया जाता है। निवेश की अवधि 5 वर्ष की होती है, जिसके दौरान हर महीने ब्याज की रकम खाते में आती रहती है। हालांकि, यह राशि 5 साल के लिए लॉक रहती है और निवेशक इस अवधि से पहले पैसा नहीं निकाल सकते। अवधि पूरी होने के बाद निवेश की पूरी मूल राशि वापस मिल जाती है।

विशेष बात यह है कि 5 वर्ष पूरे होने पर निवेशक चाहें तो उसी रकम को दोबारा इसी स्कीम में निवेश कर सकते हैं और अपनी मासिक आय का सिलसिला जारी रख सकते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, यह योजना उन लोगों के लिए एक अच्छा विकल्प है जो शेयर बाजार जैसी जोखिमपूर्ण योजनाओं में निवेश नहीं करना चाहते और हर महीने तय इनकम पाना चाहते हैं। ऐसे में पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम महंगाई के दौर में आर्थिक स्थिरता देने वाला एक भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरी है।

Share This Article