अहमदाबाद / हेलसिंकी, 12 नवंबर 2025। अदाणी सीमेंट ने कूलब्रुक कंपनी के साथ साझेदारी में आंध्र प्रदेश के बोयारेड्डीपल्ली सीमेंट संयंत्र में दुनिया का पहला वाणिज्यिक रोटोडायनामिक हीटर (RDH) लगाने की घोषणा की है। यह कदम सीमेंट निर्माण में कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में बड़ी पहल है और भारत को स्वच्छ सीमेंट उत्पादन का केंद्र बनाने में मदद करेगा।
यह तकनीक सीमेंट उत्पादन के सबसे ईंधन-गहन चरण, कैल्सीनेशन प्रक्रिया को डीकार्बोनाइज करेगी। इससे हर साल करीब 60 हजार टन कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और भविष्य में इसमें दस गुना बढ़ोतरी की संभावना है। यह प्रणाली पूरी तरह अदाणी सीमेंट के नवीकरणीय ऊर्जा पोर्टफोलियो से संचालित होगी, जिससे उत्पन्न ऊष्मा पूरी तरह कार्बन मुक्त होगी।
अदाणी सीमेंट के सीईओ विनोद बहेटी ने कहा कि कूलब्रुक की यह तकनीक डीकार्बोनाइजेशन यात्रा का महत्वपूर्ण कदम है। इससे जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता घटेगी और कम कार्बन वाले सीमेंट उत्पादन के नए मानक स्थापित होंगे। कंपनी आने वाले वर्षों में कूलब्रुक के साथ पांच और परियोजनाएं शुरू करने की योजना बना रही है।
कूलब्रुक के सीईओ जूनस राउरामो ने कहा कि यह साझेदारी औद्योगिक विद्युतीकरण की दिशा में परिवर्तनकारी कदम है। यह तकनीक सीमेंट उत्पादन को अधिक स्वच्छ, कुशल और नेट-जीरो भविष्य के अनुरूप बनाएगी।
अदाणी सीमेंट का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028 तक 60 प्रतिशत हरित ऊर्जा उपयोग और 30 प्रतिशत वैकल्पिक ईंधन इस्तेमाल हासिल करना है।



