Vedant Samachar

Korba Police की त्वरित कार्रवाई: मोबाइल लूट और बाइक चोरी के तीन मामले सुलझे, तीन आरोपी गिरफ्तार

Vedant samachar
3 Min Read

कोरबा, 11 नवंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा पुलिस ने एक बार फिर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए मोबाइल लूट और मोटरसाइकिल चोरी के तीन अलग-अलग मामलों का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में की गई। इस संयुक्त अभियान में साइबर सेल कोरबा, थाना सिविल लाइन रामपुर, थाना कोतवाली, चौकी सीएसईबी तथा चौकी मानिकपुर की टीम शामिल रही।

पुलिस के अनुसार लगातार बढ़ रहे सड़क लूट की घटनाओं पर नियंत्रण और अपराधियों की पहचान के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण तथा मुखबिरों की सूचना का प्रभावी उपयोग किया गया।

पहले मामले में थाना कोतवाली क्षेत्र की एक छात्रा से मोबाइल लूट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक कुर्रे (22 वर्ष), निवासी बरीडीह, थाना उरगा को गिरफ्तार किया। आरोपी को सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की मदद से पकड़ा गया। उसके पास से लूटा गया मोबाइल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG-12 AG-7740 बरामद की गई। शिकायतकर्ता ने बताया था कि मोटरसाइकिल पर “Dragon Ball” लिखा हुआ था, जो पहचान का महत्वपूर्ण आधार बना।

दूसरे मामले में थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र में एक महिला का VIVO मोबाइल छीनने वाले आरोपी की पहचान विशाल पाटले (25 वर्ष), निवासी इंदरगढ़पारा, कोरबा के रूप में की गई। घटना दिनांक 10 नवंबर को हुई थी। तकनीकी विश्लेषण और फुटेज की मदद से पुलिस ने न केवल आरोपी को पकड़ा बल्कि लूटा गया मोबाइल, मोटरसाइकिल और अन्य साक्ष्य भी जब्त किए।

तीसरे मामले में मानिकपुर क्षेत्र में पैदल जा रही महिला से मोबाइल लूटने की घटना का पर्दाफाश किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों — दीपक कुर्रे और कन्हैया लाल यादव (19 वर्ष), निवासी बरीडीह मोहनपुर — को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से घटना को अंजाम देकर फरार हुए थे, लेकिन पुलिस की लगातार निगरानी और तकनीकी टीम की मेहनत से दोनों को पकड़ा गया।

संयुक्त पुलिस टीम ने तीनों मामलों में घटनास्थल से प्राप्त फुटेज की गहन जांच, टेक्निकल ट्रैकिंग और मुखबिर सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने सभी मामलों में प्रयुक्त वाहन और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।

कोरबा जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल उपयोग के दौरान सतर्क रहें, अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क कर लॉक करें और संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल जानकारी डायल 112 या नजदीकी थाने को दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की छोटी सी जानकारी भी किसी बड़ी वारदात को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।

Share This Article