Vedant Samachar

समर्थन मूल्य पर होगी इस बार सरसों की खरीदी : उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव

Vedant Samachar
2 Min Read

सारंगढ़,11 नवम्बर 2025(वेदांत समाचार)। प्रदेश में रबी विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान सरसों फसल की खरीदी इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जाएगी। राज्य शासन ने सरसों की खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के अंतर्गत प्राइस सपोर्ट स्कीम लागू की है।

इस योजना के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सरसों उपार्जन का कार्य एनसीसीएफ (नेशनल को-ऑपरेटिव कंज्यूमर्स फेडरेशन) द्वारा मार्कफेड के माध्यम से किया जाएगा। जिले में कुल सात सेवा सहकारी समितियाँ — दानसरा, अमझर, नौवरंगपुर, सहसपुर, बरमकेला, गोबरसिंघा और बार — को सरसों खरीदी केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है।

उप संचालक कृषि आशुतोष श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में रबी मौसम में लगभग 7,956 हेक्टेयर क्षेत्र में सरसों की खेती की जाती है। उन्होंने कहा कि “पीएम-आशा योजना के तहत समर्थन मूल्य पर की जा रही खरीदी से सरसों उत्पादक किसानों की आय में वृद्धि होगी और उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त होगा।”

उन्होंने बताया कि खरीदी केवल रबी वर्ष 2025-26 के गिरदावली में दर्ज मान्य रकबे के आधार पर की जाएगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए किसानों को एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य रहेगा, जैसा कि धान पंजीयन प्रक्रिया में किया जाता है।

श्री श्रीवास्तव ने किसानों से अपील की कि वे अधिक से अधिक रकबे में सरसों की खेती कर इस योजना का लाभ उठाएं और प्रदेश की सरसों उत्पादन क्षमता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँ।

Share This Article