[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

छत्तीसगढ़ : नायब तहसीलदार 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

बिलासपुर, 10 नवंबर (वेदांत समाचार) । आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को सीपत तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार देश कुमार कुर्रे को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारी किसान की जमीन की फौती दर्ज करने और नामांतरण के लिए अवैध रकम की मांग कर रहा था।

ग्राम बिटकुला निवासी प्रवीण पाटनवार ने 30 अक्टूबर को एसीबी में शिकायत की थी कि उसकी दिवंगत मां के नाम पर 21 एकड़ कृषि भूमि है। इस जमीन की फौती दर्ज कर रिकॉर्ड में उसका और उसके भाई-बहनों का नाम जोड़ने के बदले नायब तहसीलदार ने 1.50 लाख रुपए की मांग की थी। शिकायत की जांच के बाद आरोप सही पाए गए। सत्यापन के दौरान आरोपी ने 1.20 लाख रुपए में सौदा तय कर लिया, जिसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई।

10 नवंबर को आवेदक को पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपए देकर भेजा गया। आरोपी ने यह रकम एनटीपीसी सीपत स्थित एक कॉफी हाउस में ली। जैसे ही उसने पैसे स्वीकार किए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

एसीबी ने आरोपी नायब तहसीलदार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी अजितेश सिंह ने बताया कि रिश्वतखोरी के खिलाफ यह मुहिम लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो वे मोबाइल नंबर 9926111932 या फोन नंबर 07752-250362 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जानकारी के अनुसार, एसीबी बिलासपुर की यह कार्रवाई पिछले डेढ़ साल में की गई 37वीं सफल ट्रैप कार्रवाई है।

[metaslider id="133"]