जिस तरह का धमाकेदार लेंसकार्ट का आईपीओ, उससे कहीं ज्यादा शांत तरीके से शेयर बाजार में कंपनी की लिस्टिंग देखने को मिली. कंपनी का शेयर इश्यू प्राइस से करीब 3 फीसदी की गिरावट के साथ लिस्ट हुआ. आंकड़ों को देखें तो बीएसई पर कंपनी के शेयर 390 रुपए पर लिस्ट हुए, जो इश्यू प्राइस से करीब 3 फीसदी कम हैं.
वहीं दूसरी ओर एनएसई पर कंपनी के शेयर 7 रुपए की गिरावट के साथ 395 रुपए पर लिस्ट हुए. ग्रे मार्केट में एक सप्ताह के उतार-चढ़ाव के बाद यह लिस्टिंग हुई है, जहां शेयर का प्रीमियम – जो कभी 108 रुपए तक पहुंच गया था, शुरुआत से ठीक पहले शून्य हो गया, जिससे निवेशकों की मजबूत खरीदारी के बावजूद निकट भविष्य में लाभ को लेकर अनिश्चितता का संकेत है.
7,278 करोड़ रुपए के आईपीओ को निवेशकों से जबरदस्त रिस्पांस मिला था. कंपनी का आईपीओ कुल मिलाकर 28 गुना सब्सक्राइब हुआ। क्यूआईबी ने सबसे ज़्यादा 45 गुना सब्सक्राइब किया, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों और खुदरा निवेशकों के शेयरों की भी कई गुना बुकिंग हुई। अच्छी मांग के बावजूद, आईपीओ के हाई वैल्यूएशन ने सार्थक लिस्टिंग गेन देने की इसकी क्षमता पर सवाल उठाए, जो एक तरह से सही भी साबित हुए.
कैसा था कंपनी का रेवेन्यू
आईपीओ से पहले लेंसकार्ट के फाइनेंशियल परफॉर्मेंस काफी अच्छा देखने को मिला था. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का रेवेन्यू 6,652 करोड़ रुपए था, जो साल-दर-साल 32.5 फीसदी अधिक था, और 297 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ, जिसमें आंशिक रूप से ओनडेज़ अधिग्रहण से प्राप्त 167 करोड़ रुपये के एकमुश्त लाभ का योगदान था। इसके समायोजन के बाद, सामान्यीकृत लाभ लगभग 130 करोड़ रुपये रहा, जो 2 फीसदी से कम के मामूली शुद्ध मार्जिन को दर्शाता है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का EBITDA मार्जिन बढ़कर 14.7 फीसदी हो गया.
क्या कह रहे हैं जानकार?
विश्लेषकों का कहना है कि कंपनी की मज़बूत ओमनीचैनल उपस्थिति, डिजिटल-फर्स्ट रणनीति और सेंट्रलाइज मैन्युफैक्चरिंग, स्केलेबिलिटी प्रदान करते हैं, लेकिन निवेशक आने वाली तिमाहियों में मार्जिन में वृद्धि और लाभप्रदता के रुझानों पर कड़ी नज़र रखेंगे. लॉन्गटर्म थ्योरी अभी भी बरकरार है, लेकिन अधिकांश ब्रोकरेज फर्मों का कहना है कि वैल्यूएशन पहले ही काफी वृद्धि का आकलन कर चुके हैं और रीवैल्यूएशन का अगला फेज एग्जीक्यूशन पर डिपेंड करेगा ना कि सेंटीमेंट पर.
सूचीबद्धता के समय, लेंसकार्ट का बाजार पूंजीकरण लगभग 68 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा देखने को मिल रहा था. हालांकि शुरुआती निवेशक लिस्ट में किसी भी तरह की हलचल न होने से निराश हो सकते हैं, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि भारत के 50,000 करोड़ रुपए के आईवियर मार्केट में कंपनी के लॉन्गटर्म अवसर, संगठित रिटेल सेक्टर की बढ़ती पहुंच के साथ, ये शेयर लॉन्गटर्म निवशकों के लिए फायदे का सौदा साबित हो सकता है.
शेयर बाजार में तेजी
वहीं दूसरी ओर शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है. जहां सेंसेक्स सुबह 10 बजकर 35 मिनट पर 435 अंकों की तेजी के साथ कारोबार कर रहा है. वहीं कारोबारी सत्र के दौरान सेंसेक्स 447.68 अंकों की तेजी के साथ 83,663.96 अंकों पर भी पहुंचा. इसके अलावा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी भी 117.90 अंकों की तेजी के साथ 25,607.15 अंकों पर कारोबार कर रहा है. जो करीब 140 अंकों की तेजी के साथ 25,625.25 अंकों पर पहुंचा. जानकारों की मानें तो आने वाले दिनों में शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल सकती है.



