Vedant Samachar

CG Crime News: नौकरी दिलाने के नाम पर महिला से अश्लील प्रस्ताव, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

Vedant Samachar
2 Min Read

धमतरी,07नवंबर (वेदांत समाचार) । महिलाओं से संबंधित अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धमतरी पुलिस ने एक बार फिर महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। नौकरी लगाने के बहाने महिला को अश्लील प्रस्ताव देने और अभद्र व्यवहार करने वाले एक आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना के अनुसार, एक महिला ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने 11 सितंबर 2025 को जीवन दीप समिति में वार्ड आया पद के लिए आवेदन किया था। इसके बाद 14 सितंबर को समिति के वार्ड बॉय राहुल इलमकर का फोन आया और उसने महिला को मिलने के लिए बुलाया।

शिकायत में बताया गया कि जब प्रार्थिया अगले दिन समिति कार्यालय पहुंची तो आरोपी ने उससे कहा कि नौकरी के लिए 30–40 हजार रुपये देने होंगे। रुपये न देने की स्थिति में उसने महिला पर अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ अभद्र और अशोभनीय व्यवहार किया। इतना ही नहीं, 18 सितंबर को भी अस्पताल परिसर में उसने अश्लील हरकतें कीं।

महिला से मिली शिकायत पर एसपी धमतरी के निर्देश पर थाना प्रभारी कोतवाली ने पूरे मामले की विस्तृत जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 300/25 के तहत धारा 75(1)(ii) और 78 भा.न्या.सं. में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान, आरोपी से पूछताछ की और उसके पास से प्रयुक्त रेडमी मोबाइल फोन भी जप्त किया। इसके बाद आरोपी राहुल इलमकर (26 वर्ष), निवासी रामपुर वार्ड, धमतरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी पुलिस का कहना है कि महिलाओं से संबंधित अपराधों पर उनकी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

Share This Article