Vedant Samachar

UP NEWS : 4 की मौत, रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा…

Vedant Samachar
2 Min Read

मिर्जापुर,05नवंबर: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. चुनार रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से 4 श्रद्धालु यात्रियों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, ये सभी श्रद्धालु चोपन-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन से प्लेटफॉर्म नंबर चार पर उतरे थे. स्टेशन पर जल्दबाजी में यात्री रेलवे ट्रैक पार करने लगे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक्सप्रेस ट्रेन (कालका मेल) की चपेट में आ गए. रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान यह भीषण हादसा हुआ और श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई. सभी श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए जा रहे थे.

इस घटना के बाद चुनार रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद रेलवे अधिकारियों और पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म और ओवरब्रिज का ही इस्तेमाल करें. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि शवों के चीथड़े उड़ गए. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई.

जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल पहुंच गईं. उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. सीनियर अधिकारी मौके पर जाकर घटना का जायजा ले रहे हैं. वहीं, चुनार रेलवे स्टेशन पर हुए इस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को बेहतर और तत्काल इलाज मुहैया करवाया जाए.

Share This Article