बिलासपुर, 02 नवंबर । थाना सरकंडा पुलिस ने थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले एक बदमाश के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए उसे चाकू सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूर्व विवाद के चलते रंजिश में अपने परिचित पर हमला कर घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजा हिमांचल गंधर्व (25 वर्ष), निवासी स्कूल चौक चिंगराजपारा, थाना सरकंडा ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 नवंबर की रात मोहल्ले में गौरा-गौरी का कार्यक्रम चल रहा था। पूजा-पाठ के दौरान रात करीब 1 बजे सुमित उर्फ सेट्ठी पांडेय वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर प्रार्थी के जीजा सोनू यादव से झगड़ा करने लगा। आरोपी ने नशा करने के लिए पैसे की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए सब्जी काटने वाले चाकू से वार कर चोट पहुंचाई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर राजनेश सिंह ने बदमाशों पर अंकुश लगाने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल तथा सीएसपी (सिविल लाइन/सरकंडा) निमितेश सिंह के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुमित उर्फ सेट्ठी पांडेय (22 वर्ष), पिता भोला प्रसाद पांडेय, निवासी स्कूल चौक चिंगराजपारा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त सब्जी काटने वाला चाकू भी बरामद कराया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 1535/2025, धारा 119(1), 118(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने कहा है कि सरकंडा थाना क्षेत्र में अशांति फैलाने या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



