Vedant Samachar

Korba Breaking: सिक्का निगलने से 8 वर्षीय बालक की मौत — जिला अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा, 01 नवंबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक आठ साल के बच्चे की जान सिक्का निगलने से चली गई। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल में समय पर उपचार न मिलने के कारण मासूम की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक बालक का नाम शिवम सारथी (8) है। वह रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ का निवासी था और इन दिनों अपने परिजनों के साथ कोरबा के गोढ़ी गांव में रह रहा था। कुछ दिन पहले वह अपने कंधे की चोट का इलाज कराने कोरबा आया था।

शिवम के पिता मदन सारथी ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि बच्चे ने सिक्का कब और कैसे निगल लिया। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया। जांच में एक्स-रे रिपोर्ट में सीने में सिक्का फंसे होने की पुष्टि हुई।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे की गंभीर हालत देखकर डॉक्टरों ने कहा कि यहां इलाज संभव नहीं है और उसे रेफर कर दिया। इसके बाद वे उसे निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही शिवम ने दम तोड़ दिया।

मामले की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी प्रभारी विश्व नारायण चौहान ने परिजनों के बयान दर्ज किए हैं और जांच शुरू कर दी है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

घटना के बाद परिजनों में गुस्सा है और उन्होंने जिला अस्पताल के स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है।

Share This Article