Vedant Samachar

गुरु घासीदास जी के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी पर सतनामी समाज में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,31 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। सतनामी समाज में आक्रोश उस समय बढ़ गया जब सोशल मीडिया पर परम् पूज्य संत श्री गुरु घासीदास जी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली-गलौच किए जाने की बात सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सिंह राजपूत, निवासी सिंधी कॉलोनी, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा 30 अक्टूबर 2025 को समाज के पूज्य धर्मगुरु के प्रति अमर्यादित टिप्पणी की गई, जिससे समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

इस प्रकरण को लेकर कोरबा सतनामी कल्याण समिति के अध्यक्ष नारायण लाल कुर्रे ने माननीय राज्यपाल महोदय रामेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कलेक्टर कोरबा तथा पुलिस अधीक्षक कोरबा को ज्ञापन सौंपकर दोषी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

श्री कुर्रे ने कहा कि ऐसी टिप्पणियां समाज की सामाजिक सद्भावना और भाईचारे को आहत करती हैं तथा सामाजिक सौहार्द्र को बिगाड़ने का प्रयास हैं। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि दोषी के विरुद्ध विधि सम्मत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण टिप्पणी करने का दुस्साहस न कर सके।

समिति ने यह भी कहा है कि संत श्री गुरु घासीदास जी केवल सतनामी समाज के ही नहीं बल्कि समानता, सत्य और अहिंसा के प्रतीक हैं। उनके प्रति किसी भी प्रकार की अभद्र टिप्पणी समाज के लिए असहनीय है।

Share This Article