Vedant Samachar

रिश्वतखोरी में फंसे BMO निलंबित, एसीबी ने 15 हजार रुपये लेते किया था गिरफ्तार

Vedant samachar
2 Min Read

रायपुर। स्वास्थ्य विभाग ने रिश्वतखोरी के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा के प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. राजेन्द्र कुमार पटेल को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने उन्हें 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

जानकारी के अनुसार, एसीबी बिलासपुर की टीम ने 17 अक्टूबर 2025 को डॉ. पटेल को एक शिकायत के आधार पर 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। गिरफ्तारी के बाद वे 48 घंटे से अधिक समय तक पुलिस अभिरक्षा में रहे। इस आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए निलंबन आदेश जारी किया है।

छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत यह निलंबन कार्रवाई की गई है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में डॉ. पटेल को 17 अक्टूबर 2025 से प्रभावशील निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, संभाग बिलासपुर को निर्धारित किया गया है।

निलंबन की अवधि में डॉ. पटेल को मूलभूत नियमों के अंतर्गत जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आगे मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी और दोष सिद्ध होने पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article