Vedant Samachar

जयपुर में ‘नृत्यारंभ 2025’ में कोरबा की शिवी प्रजापति ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा, 30 अक्टूबर । राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित 19वीं अखिल भारतीय सांस्कृतिक राष्ट्रीय नृत्य प्रतियोगिता एवं महोत्सव “नृत्यारंभ 2025” में कोरबा की नन्ही नृत्यांगना शिवी प्रजापति ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छठवीं कक्षा की इस छात्रा ने 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग की अंतरराष्ट्रीय कथक नृत्य प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त कर न केवल जिले बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।

शिवी डीपीएस पब्लिक बालक कोरबा स्कूल की छात्रा हैं और ऑनलाइन माध्यम से अपनी गुरु प्रीति चंद्रा से कथक की शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। अपने लयबद्ध पद संचालन, भावपूर्ण प्रस्तुति और अभिव्यक्ति की गहराई से उन्होंने निर्णायकों को प्रभावित किया।

यह प्रतिष्ठित आयोजन अखिल नटराजम अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक संघ द्वारा किया गया, जो पेरिस (फ्रांस) स्थित अंतर्राष्ट्रीय नृत्य परिषद (CID UNESCO) का सदस्य संगठन है। नृत्यारंभ 2025 का आयोजन 25 से 28 अक्टूबर 2025 तक जयपुर में अनास इंडिया के सहयोग से किया गया, जिसमें देश-विदेश के अनेक कलाकारों ने भाग लिया।

कथक नृत्य की परंपरा चार प्रमुख घरानों — लखनऊ, जयपुर, बनारस और रायगढ़ — में विभाजित है। लखनऊ घराना अपनी भावनात्मक अभिव्यक्ति और कोमलता के लिए प्रसिद्ध है, जयपुर घराना पैरों की तेज़ और जटिल गतियों पर केंद्रित है, बनारस घराना भक्ति और नाटकीयता का संगम है, जबकि रायगढ़ घराना अपनी लयात्मक संरचनाओं और विविधता के लिए जाना जाता है।

शिवी की इस उपलब्धि पर कोरबा जिले में हर्ष की लहर है। शिक्षकों, परिजनों और सांस्कृतिक संस्थाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और भविष्य में और ऊँचाइयाँ छूने की कामना की है।

Share This Article