मुंबई : रणबीर कपूर इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘रामायण’ पर काम कर रहे हैं. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म में उन्हें भगवान राम की भूमिका निभाते देखा जाएगा. हालांकि पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर कुछ लोग रणबीर की कास्टिंग पर सवाल उठा रहे हैं. इसकी वजह उनसे जुड़े पिछले विवाद हैं. जहां कई लोगों का ये कहना है कि रणबीर इस किरदार के लिए सही नहीं हैं, वहीं आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु अब उनके सपोर्ट में सामने आए हैं.
फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के साथ हाल ही में बातचीत के दौरान, सद्गुरु ने विवाद को संबोधित किया और रणबीर कपूर के खिलाफ आ रहे रिएक्शन को अनुचित कहा. नमित ने कहा, “लोग अतीत से चीजें निकाल रहे हैं और पूछ रहे हैं कि रणबीर कपूर रामायण में श्री राम की भूमिका कैसे निभा सकते हैं.”
सद्गुरु ने किया रणबीर का बचाव
इस पर रिक्शन देते हुए सद्गुरु ने कहा, “यह एक अभिनेता के बारे में अनुचित निर्णय है क्योंकि उसने अतीत में किसी न किसी रूप में अभिनय किया है. आप उससे राम बनने की उम्मीद नहीं कर सकते. कल किसी और फिल्म में वह रावण का किरदार निभा सकता है.” सद्गुरु ने रावण के रूप में यश की कास्टिंग के बारे में भी बात की और कहा, “यश एक सुंदर व्यक्ति हैं.” इस पर, नमित ने यह भी कहा, “यश एक बहुत ही सुंदर व्यक्ति हैं, और देश में एक बहुत ही प्रतिभाशाली सुपरस्टार हैं और प्यारे हैं. हम रावण के सभी पहलुओं, उनकी भक्ति, उनकी गहराई को दिखाना चाहते हैं, जो केवल यश ही कर सकते हैं.”
रणबीर ने बदला अपना लाइफस्टाइल
बीते दिनों खबर आई थी कि भगवान राम का किरदार निभाने के लिए रणबीर ने अपनी लाइफस्टाइल में काफी बदलाव किया है. वह आध्यात्मिक अनुशासन को अपनाने के लिए सख्त सात्विक आहार, सुबह जल्दी वर्कआउट और ध्यान पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. रणबीर ने शराब और नॉनवेज दोनों ही छोड़ दिए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक मेकर्स ने रामायण के पहले पार्ट की शूटिंग पूरी कर ली है. जल्द ही फिल्म के वीएफएक्स पर काम शुरू करेंगे और अगले 300 दिनों तक इसी पर फोकस किए जाने की प्लानिंग की गई है. फिल्म को ग्रैंड लेवल पर पेश करने के लिए मेकर्स ने फिल्म के VFX के लिए खास टीम को चुना है.



