Vedant Samachar

NZ vs ENG: तूफान ने उजाड़ा पिता का घर, पत्नी को हुआ कैंसर, 2 साल बाद न्यूजीलैंड टीम में वापसी, इंग्लैंड पर टूटा कहर

Vedant Samachar
4 Min Read

नई दिल्ली,29अक्टूबर : इंग्लैंड की टीम का प्रदर्शन हैमिल्टन में खेले दूसरे वनडे में और भी बुरा रहा. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में इंग्लैंड को 200 रन से ज्यादा स्कोर करने के बावजूद हार मिली थी, लेकिन, हैमिल्टन में खेले दूसरे वनडे में उनसे 200 रन भी नहीं बने. इंग्लैंड की पूरी टीम 36 ओवर में 175 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. यानी उनसे 50 ओवर भी नहीं खेले गए. दूसरे वनडे में इंग्लैंड की इतनी बुरी हालत के जिम्मेदार ब्लेयर टिकनर रहे, जिन्होंने 2 साल के बाद न्यूजीलैंड टीम में वापसी की है. ब्लेयर टिकनर को घरेलू परेशानियों के चलते क्रिकेट से दूर रहना पड़ा था.

न्यूजीलैंड का फैसला सही साबित हुआ
दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को पहले बल्लेबाजी पर उतारा. कीवी कप्तान मिचेल सैंटनर का ये फैसला रंग लाया. सिर्फ 3 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा. और फिर 30 रन के अंदर दूसरा. 50 रन का आंकड़ा स्कोर बोर्ड ने अभी पार ही किया था कि इंग्लैंड का तीसरा विकेट भी गिर गया. ये तीनों विकेट उसके टॉप ऑर्डर के रहे, जिसमें बेन डकेट, जेमी स्मिथ और जो रूट के नाम रहे.

इंग्लैंड का न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने किया बुरा हाल
न्यूजीलैंड की तरफ से इतनी कसी गेंदबाजी हुई कि उसकी आधी टीम तो 100 रन के अंदर ही पवेलियन लौट गई. वही बाकी जो बचे वो भी ज्यादा कुछ नहीं कर पाए. इंग्लैंड की बल्लेबाजी का आलम ये रहा कि उसके किसी भी बल्लेबाज से स्कोर बोर्ड पर 50 रन नहीं लगे. 30 रन का आंकड़ा भी सिर्फ 2 बल्लेबाजों हैरी ब्रूक और जेमी ओवर्टन ने पार किया. ब्रूक ने 34 रन बनाए, जबकि ओवर्टन ने 42 रन की पारी खेली.

ब्लेयर टिकनर ने ढाया सबसे ज्यादा कहर
वैसे तो न्यूजीलैंड के सभी गेंदबाजों ने इंग्लैंड पर अपनी गेंदों का चाबुक चलाया, लेकिन जिसके तेज से इंग्लैंड को सबसे ज्यादा आघात पहुंचा, वो रहे ब्लेयर टिकनर. इस मुकाबले के जरिए टिकनर ने 2 साल बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की है. उन्होंने आखिरी वनडे 5 मई 2023 को खेला था. और, अब उन्होंने 907 दिन बाद वापसी की थी.

फैमिली पर टूटी मुसीबत, हुए क्रिकेट से दूर
ब्लेयर टिकनर के क्रिकेट से दूर रहने की वजह उनकी पारिवारिक परेशानियां रहीं. 2023 में गैब्रिएला तूफान में उनके पिता का घर तबाह हो गया. इसके एक साल बाद जब वो इंग्लैंड में डर्बीशर से काउंटी खेल रहे थे तो पत्नी सारा ने कॉल करके उन्हें खुद को कैंसर डिटेक्ट होने की दुख भरी खबर दी. इन खबरों से टिकनर हिल से गए और उसका मुकाबला करने के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी बना ली.

वनडे करियर का बेस्ट प्रदर्शन किया
मैट हेनरी को आराम देकर ब्लेयर टिकनर को दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड ने मौका दिया, जिसे उन्होंने अच्छे से भुनाया. ब्लेयर टिकनर ने जो रूट और जेमी ओवर्टन को आउट करते हुए इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में कुल 4 विकेट लिए. उन्होंने 8 ओवर में 34 रन देते हुए ये कमाल किया, जो कि वनडे क्रिकेट में उनका बेस्ट बॉलिंग फीगर है.

Share This Article