कोण्डागांव,28अक्टूबर (वेदांत समाचार) । कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना की अध्यक्षता में आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आदि कर्मयोगी अभियान के तहत “सुपोषित जीवन अभियान” के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी सेक्टर सुपरवाइज़र, महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीडीपीओ एवं फ़ील्ड डिपार्टमेंट के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों के सुपोषण स्तर पर लाने के लिए प्रत्येक बच्चे के लिए पोषण साथी नियुक्त करने को कहा, जो उनके सेहत की निगरानी के साथ निर्धारित आहार सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने इस कार्य के लिए सामुदायिक सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने सभी सुपरवाईजर को अपने अपने क्षेत्रों की आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरूस्त करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई ने बच्चों के अभिभावकों को उनके बेहतर देखभाल हेतु प्रोत्साहित करने और पंचायतों की सक्रिय भागीदारी और विभागीय समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में पिरामल फाउंडेशन के जिला लीड प्रदीप राव भारत कॉलेबोरेटिव टीम ने अभियान की रूपरेखा, उद्देश्यों तथा समुदाय स्तर पर चल रही गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुपोषित जीवन अभियान के माध्यम से जिले में कुपोषण मुक्त ग्राम पंचायतों का निर्माण और पोषण व्यवहार में सुधार प्रमुख लक्ष्य हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे ग्राम स्तर पर सक्रियता से काम करें और प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों एवं माताओं के पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान दें।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि अभियान के अंतर्गत आने वाले सप्ताह में मशाल रैली का आयोजन, गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की पीएम मैपिंग, तथा गोद लेने की प्रक्रिया सभी ब्लॉकों में एक साथ प्रारंभ की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि सुपोषित जीवन अभियान को जन-आंदोलन के रूप में सफल बनाया जाएगा। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अवनी कुमार बिस्वाल, बाल संरक्षण अधिकारी नरेंद्र सोनी सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।



