खरसिया,28अक्टूबर (वेदांत समाचार)।प्रदेश में किसानों के धान की सरकारी खरीदी जल्द ही शुरू होने जा रही है। चूंकि धान की अच्छी कीमत मिलती है इसलिए बिचौलिए बाहर का धान लाकर बेचने की फिराक में रहते हैं। ऐसे ही एक मामले में अवैध तरीके से धान का परिवहन करते हुए एक ट्रेलर वाहन को पकड़ा गया।
खरसिया के बानीपाथर रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर एक ट्रेलर वाहन में धान लोड कर जाते हुए देखा गया। स्थानीय लोगों और पत्रकारों को संदेह हुआ कि ट्रेलर में अवैध रूप से धान की ढुलाई की जा रही है। जब ट्रेलर को रोककर ड्राइवर एवं साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की गई, तो उसने गोलमोल जवाब दिया। इससे संदेह और गहरा गया। इसके बाद खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी को इसकी जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर एसडीएम ने तत्काल नायब तहसीलदार काजल अग्रवाल को टीम के साथ मौके पर भेजा। वहीं कुछ ही देर बाद नायब तहसीलदार, खाद निरीक्षक एवं मंडी उप निरीक्षक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान जब धान लदे ट्रेलर के कागजात मांगे गए, तो मौके पर मौजूद व्यक्तियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने ट्रेलर को जब्त कर थाना खरसिया पहुंचाया।
खरसिया प्रशासन ने साफ कहा है कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले किसी भी प्रकार की अवैध ढुलाई या भंडारण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। SDM प्रवीण तिवारी ने मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। धान खरीदी सीजन शुरू होने से पहले ही अवैध धान के खेल ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।



