जांजगीर-चांपा,25अक्टूबर (वेदांत समाचार) । नेशनल हाईवे NH-49 मार्ग पर मोबाइल झपटमारी की घटना का आज खुलासा करते हुए अकलतरा पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से झपटमारी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। इस वारदात में एक विधि-विरुद्ध संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपी का नाम नितेश यादव (उम्र 20 वर्ष) है, जो खैरा (जयरामनगर) थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर का निवासी है।
मामले के अनुसार, प्रार्थी रसीद खान निवासी पाटनवार कॉलोनी कमला ज्ञान विद्यालय तिफरा के पीछे, यदुनंदन बिलासपुर, दिनांक 29 सितंबर 2025 को अपने ड्राइवर के साथ पिकअप वाहन में जांजगीर से बिलासपुर की ओर जा रहा था। रात करीब 2:30 बजे अकलतरा ओवरब्रिज नेशनल हाईवे NH-49 पार करने के बाद पिकअप का डीजल खत्म हो गया। ड्राइवर को वहीं छोड़कर रसीद खान पास के पेट्रोल पंप से डीजल लेने गया। करीब 5 लीटर डीजल लेकर जब वह वापस पैदल लौट रहा था, तो सुबह लगभग 4:00 बजे अर्जुनी चौक से करीब 500 मीटर आगे तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और प्रार्थी से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गए।
घटना की जानकारी मिलने पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 492/2025 धारा 115(2), 304(2), 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने साइबर तकनीक का उपयोग करते हुए जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान आरोपी नितेश यादव की पहचान हुई, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कीमती लगभग 10,000 रुपये का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
पुलिस ने आरोपी नितेश यादव को विधिवत गिरफ्तार कर 25 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया, जबकि झपटमारी में शामिल नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक गौकरण राय और राजकुमार पांडेय की भूमिका सराहनीय रही।



