Vedant Samachar

​​​​​​​Mahavatar: 200 करोड़ी फिल्म के बाद ‘महावतार’ की शूटिंग शुरू करेंगे विकी कौशल! डायरेक्टर ने दिया बड़ा अपडेट

Vedant Samachar
3 Min Read

मुंबई : महावतार 850 करोड़ी ‘स्त्री’ के निर्देशन के लिए मशहूर फिल्म निर्माता अमर कौशिक ने अपनी आगामी पौराणिक महाकाव्य ‘महावतार’ के बारे में खुलकर बात की है. इस बड़े प्रोजेक्ट में विकी कौशल लीड रोल में काम करते हुए नजर आएंगे. डायरेक्टर ने इस फिल्म को अपने करियर की सबसे निजी और आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में से एक बताया है. ऐसा प्रोजेक्ट जिसके बारे में उनका मानना ​​है कि यह “ईश्वर की देन” है.

पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में अमर कौशिक ने बताया कि ‘महावतार’ को बनाने में कई साल लग गए हैं और यह अरुणाचल प्रदेश में बिताए उनके बचपन के अनुभवों से प्रेरित है. डायरेक्टर ने कहा, “यह फिल्म मेरे करियर में मेरे लिए एक बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी है. यह ईश्वर की कृपा से मिली है क्योंकि यह किरदार बचपन से ही मेरे साथ रहा है. हम अरुणाचल प्रदेश में परशुराम कुंड के पास रहते थे और अक्सर वहां जाते थे. यह हमारे घर की एक रस्म थी, और हर बार वहां जाना मुझे बहुत रोमांचित करता था.”

‘महावतार’ का काम कहां तक पहुंचा?
फिल्म निर्माता ने बताया कि वह हमेशा से इस कहानी को बताना चाहते थे, लेकिन शुरुआत में उन्हें इस बात को लेकर थोड़ी दिक्कत हुई कि इसकी भव्यता को बड़े पर्दे पर कैसे उतारा जाए. उन्होंने बताया, “मुझे समझ नहीं आ रहा था कि इसे कैसे पेश किया जाए क्योंकि इसके लिए काफी संसाधनों और व्यापक वीएफएक्स की ज़रूरत थी. मैं यह भी सुनिश्चित करना चाहता था कि यह मेरे मन में बने विज़न के अनुरूप रहे.” इस प्रोजेक्ट की तैयारियां पहले से ही चल रही हैं, जिसमें सेट डिज़ाइन और कॉस्ट्यूम का काम भी शामिल है.

डायरेक्टर को उम्मीद है कि इसकी शूटिंग साल 2026 में शुरू हो जाएगी. विकी कौशल फिलहाल अपने कई प्रोजेक्ट्स को लेकर बिजी चल रहे हैं. उनकी फिल्मों की शूटिंग पूरी होते ही, इसपर काम शुरू किया जाएगा. अमर ने विकी की तारीफ करते हुए उन्हें इस भूमिका के लिए एकदम सही ऑप्शन बताया.

अमर कौशिक का हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स
डायरेक्टर ने विकी के लिए कहा, “जब भी मैं उनसे मिलता हूं, मुझे उनमें बहुत पवित्रता नज़र आती है. वह इस किरदार को निभाने के लिए सबसे सही व्यक्ति हैं.” अमर कौशिक अपनी मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी दुनिया के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं. वह ‘स्त्री’ और ‘भेड़िया’ का निर्देशन और ‘मुंज्या’ और ‘थम्मा’ जैसी फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं.

Share This Article