भरतपुर,24अक्टूबर (वेदांत समाचार) । भरतपुर की सेवर सेंट्रल जेल में गुरुवार देर शाम एक कैदी की मौत हो गई। यह कैदी एक मर्डर केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जेल अधीक्षक का कहना है कि इस कैदी की मौत हार्ट अटैक आने के कारण हुई है।
जेल अधीक्षक परमजीत सिंह सिंधु ने बताया कि गुरुवार देर शाम नरेश सिंघल नाम के कैदी की हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। वह मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। उसके शव को गुरुवार देर शाम ही मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया था। शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई।
दरअसल भरतपुर के बहुचर्चित संजय बिहारी हत्याकांड में नरेश सिंघल को कोर्ट ने दोषी ठहराया था। कोर्ट ने नरेश सिंघल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। ढाई साल से ज्यादा पुराना यह मामला था।
28 जनवरी 2023 को कृष्ण कुमार उर्फ बेबी और नरेश सिंघल ने संजय बिहारी नाम के व्यक्ति को फोन कर अपने घर बुलाया था। जब संजय उनके घर पहुंचा तो वहां नरेश सिंघल, कृष्ण कुमार और बिट्टू चाय पी रहे थे।
संजय भी उनके पास जाकर बैठ गया। तभी अचानक कृष्ण कुमार वहां से उठकर अपने कमरे में गया और कट्टा लाकर संजय बिहारी को पीछे से गोली मार दी।
इलाज के दौरान संजय बिहारी की मौत हो गई। 19 सितंबर 2025 को जिला एवं सेशन न्यायाधीश केशव कौशिक ने फैसला सुनाते हुए कृष्ण कुमार उर्फ बेबी पर 60 हजार रुपए जुर्माना और आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। वहीं नरेश सिंघल पर 50-50 का अर्थदंड और आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी।



