मुंबई : सनी देओल एक सॉलिड एंट्री लेने की तैयारी कर चुके हैं. यूं तो शुरुआत साल 2025 से हो चुकी है. पर ‘जाट’ कमाई में फिर भी कुछ कम रह गई थी. इस बार उनकी प्लानिंग कुछ ज्यादा की है. यही वजह है कि पहले ही ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज डेट बता दी गई है. अगले साल की शुरुआत में यह पिक्चर आएगी. वहीं रणबीर कपूर की ‘रामायण’ में भी सनी देओल हनुमान बनने वाले हैं. जिसके लिए काफी एक्साइटेड भी हैं. साथ ही अपने बर्थडे पर भी फैन्स को सरप्राइज दिया था. अगले साल 13 मार्च को गबरू बनकर आ रहे हैं. जिस तरह चुपके से उन्होंने पिछली फिल्म का ऐलान किया था, एक बार फिर कुछ वैसा ही हुआ है. उन्होंने एक छोटे से वीडियो के साथ नई फिल्म का हिंट दे दिया है.
कुछ वक्त पहले जानकारी भी सामने आई थी कि सनी देओल एक और फिल्म साइन कर चुके हैं. जिसमें उनके साथ बॉलीवुड का खूंखार विलेन होगा. अब सनी पाजी ने खुद ही उसका ऐलान भी कर दिया. सनी देओल ने चार दिन के अंदर जो दूसरी फिल्म अनाउंस की है. साथ ही उसमें उनके साथ कौन होगा, सबकुछ जान लीजिए.
सनी देओल ने की एक और फिल्म अनाउंस
बीते दिन सनी देओल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया. कोट-पैंट और आंखों में चश्मा लगाए वो दिखाई दिए. उनके कैप्शन में लिखा था- न कोई गुलाम, न कोई बादशाह सिर्फ IKKA. साथ ही फिल्म का इमोजी भी आगे लगाया हुआ है. इस पोस्ट पर अमीषा पटेल ने कमेंट भी किया है- हैंडसम. अब लोगों ने भी भर-भरकर कमेंट्स करने शुरू कर दिए हैं. दरअसल इस पोस्ट को कम ही लोग समझ पाए हैं कि यह उनकी नई फिल्म का ऐलान है. साथ ही लुक भी एकदम नया-नया है. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि- इक्का का इंतजार है. तो किसी ने लिखा कि- सही कहानी मिल जाए, तो हिंदी सिनेमा में आप जैसा एक्टर कोई नहीं है.
कुछ दिनों पहले जानकारी मिली थी सनी पाजी ने नेटफ्लिक्स वालों के साथ हाथ मिलाया है. वो उनके साथ एक फिल्म कर रहे हैं. पिक्चर का डायरेक्शन सिद्धार्थ पी मल्होत्रा करेंगे , जो एक एक्शन थ्रिलर होगी. साथ ही जल्द ही इसका काम भी शुरू कर दिया जाएगा. अब कुछ वैसा ही हो भी रहा है. लंबे वक्त से सनी देओल की नजर इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर थी, जैसे ही वो संतुष्ट हुए तो बात भी पक्की कर ली गई. ऐसी भी जानकारी थी कि मुंबई में शूट शुरू हो जाएगा. अब सनी देओल के नए अपडेट से लगता है कि फिल्म का काम शुरू कर दिया गया है. फिलहाल फिल्म को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं है.
सनी देओल के साथ कौन होगा?
मीडिया रिपोर्ट्स से पता लगा था कि सनी पाजी के साथ अक्षय खन्ना होंगे. जो छावा में खूंखार विलेन बनकर छा गए. पिक्चर ने 800 करोड़ का कारोबार किया था. उसके बाद से ही ज्यादा चर्चा में हैं. साथ ही मेकर्स 2026 में फिल्म को रिलीज करने की भी प्लानिंग कर रहे हैं.



