Vedant Samachar

कोरबा:ऊर्जा महिला समिति कुसमुंडा क्षेत्र ने गौशाला में दी सहायता — गोवर्धन पूजा पर किया पुनीत कार्य

Vedant Samachar
3 Min Read

कोरबा,22अक्टूबर (वेदांत समाचार)। समाज सेवा की भावना के साथ ऊर्जा महिला समिति, कुसमुंडा क्षेत्र ने गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर एक सराहनीय पहल की है। श्रद्धा महिला मंडल बिलासपुर की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन (भाभीजी) एवं उपाध्यक्षा गणों के मार्गदर्शन में समिति की महिलाओं ने ग्राम चुनचुनी बस्ती, आदर्श नगर (पानी टंकी के पास) स्थित श्रीकृष्ण गौ सेवा धाम पहुंचकर गौशाला में सहयोग प्रदान किया।

यह गौशाला उन बीमार, असहाय और दुर्घटनाग्रस्त गायों व उनके बछड़ों के लिए आश्रयस्थल है, जिन्हें किसी कारणवश मालिकों ने त्याग दिया होता है। यहां एक समर्पित टीम प्रतिदिन इन गौवंशों की सेवा, देखभाल और उपचार में लगी रहती है। जब ऊर्जा महिला समिति की सदस्यों को इस गौशाला के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी समझते हुए मदद का संकल्प लिया।

ये भी पढ़ें : इंडियन आइडल के नए सीजन में जानें किस पल ने किया श्रेया घोषाल को इमोशनल…

गोवर्धन पूजा के अवसर पर समिति की टीम गौशाला पहुंची और वहां मौजूद गौवंशों की सेवा हेतु आवश्यक सामग्री प्रदान की। इस दौरान दाना बोरी, कुट्टी बोरी, विभिन्न प्रकार के फल एवं आवश्यक दवाइयों का सहयोग किया गया। समिति की महिलाओं ने गायों को अपने हाथों से दाना खिलाया और उनके साथ समय बिताकर सेवा का संदेश दिया।

ऊर्जा महिला समिति की अध्यक्ष ने कहा कि “गौसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है। हम सभी का कर्तव्य है कि असहाय पशुओं के प्रति संवेदनशील रहें और उनकी देखभाल में अपना योगदान दें।” उन्होंने बताया कि समिति समय-समय पर समाजहित के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेती है — चाहे वह स्वच्छता अभियान हो, जरूरतमंद परिवारों की मदद या पर्यावरण संरक्षण।

इस पुनीत कार्य के दौरान समिति की अन्य पदाधिकारी व सदस्याएं भी उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर गौशाला की व्यवस्था को देखा और भविष्य में भी निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। गौशाला संचालक मंडल ने ऊर्जा महिला समिति की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

गोवर्धन पूजा जैसे पावन अवसर पर किया गया यह सेवा कार्य न केवल गौसेवा की भावना को प्रकट करता है, बल्कि समाज में करुणा और सहयोग की मिसाल भी पेश करता है। ऊर्जा महिला समिति की यह पहल अन्य सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणादायी है।

Share This Article