मॉर्निंग वॉक पर निकली महिलाओं को स्कार्पियो ने रौंदा, 4 की मौत…..

पटना 29 अक्टूबर ( वेदांत समाचार )। बिहार के आरा जिले में शुक्रवार सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां मॉर्निंग वॉक के लिए निकली महिलाओं को स्कॉर्पियो ने कुचल दिया, इस हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिलाओं को कुचलने के बाद वाहन चालक फरार हो गया। 

पुलिस के मुताबिक, घटना आरा के भोजपुर की है। मृतक चारों महिलाएं ओझवलियां गांव की रहने वाली हैं। पुलिस ने बताया कि चारों महिलाएं सुबह-सुबह मार्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वे चारों पीरो-बिहिया पथ पर देवचंदा पुल के पास टहल रहीं थीं। इसी समय एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी ने संतुलन खो दिया, जिसकी चपेट में महिलाएं आ गईं। पुलिस ने महिलाओं की पहचान मोतीझारो देवी पत्नी वकील सिंह, मानती देवी पत्नी बड़क सिंह, उर्मिला देवी पत्नी हरि प्रसाद व सरस्वती देवी पत्नी अशोक सिंह यादव के रूप में की है। पुलिस का कहना है कि स्कॉर्पियो सवार की तलाश की जा रही है |