धमतरी, 19 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। दीपावली, गौरा गौरी और गोवर्धन पूजा के मद्देनज़र जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के उद्देश्य से धमतरी में कलेक्टर श्री अभिनाश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत रक्षित केंद्र से एसपी की ब्रीफिंग के साथ हुई। यह मार्च शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्र, लक्ष्मी निवास, अंबेडकर चौक, रत्ना बांधा, मुजगहन, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़, नहरनाका चौक और विंध्यवासिनी मंदिर के सामने से होकर संपन्न हुआ। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार सुरक्षा और शांति बनाए रखने के संदेश प्रसारित किए गए।

कलेक्टर और एसपी ने फ्लैग मार्च के दौरान नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की तथा असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, शराबखोरी या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्री परिहार ने बताया कि दीपावली के दौरान जिले में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। विजुअल पुलिसिंग के लिए मोबाइल चेक पोस्ट (एमसीपी) स्थापित किए गए हैं, नाकाबंदी की गई है, मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग, पैदल गश्त और रैंडम चेकिंग की व्यवस्था भी की गई है। हाल ही में एक ढाबा और एक मेडिकल स्टोर को नियम उल्लंघन पर सील किया गया है, जबकि एक घर में पटाखों का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आपराधिक तत्वों पर कड़ी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से कानून का पालन करने, नशा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100/112 या कंट्रोल रूम नंबर 94791-92299 पर संपर्क कर सकते हैं।
अंत में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी से शांति, भाईचारे और उल्लास के साथ पर्व मनाने की अपील की।
इस अवसर पर एएसपी मणिशंकर चन्द्रा, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी (IPS), एसडीएम पियूष तिवारी, डीएसपी सुश्री मीना साहू, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, एसडीओपी कुरुद श्रीमती रागिनी मिश्रा, तहसीलदार, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, थाना प्रभारी, नगर निगम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, डीआरजी एवं यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे।



