[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

मालगाड़ी हादसे का शिकार — बोल्डर से टकराने पर इंजन पटरी से उतरा, अरकू सेक्शन में रेल यातायात ठप

जगदलपुर, 19 अक्टूबर 2025। किरंदुल-कोट्टावालसा रेललाइन के अरकू सेक्शन (आंध्र प्रदेश) में रविवार तड़के एक मालगाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रेन ट्रैक पर गिरे एक बड़े बोल्डर (चट्टान) से टकरा गई, जिससे उसका एक इंजन पटरी से उतर गया। यह दुर्घटना त्याडा और चिमडिपल्ली स्टेशन के बीच सुबह लगभग चार बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी किरंदुल से लौह अयस्क लोड कर विशाखापत्तनम की ओर जा रही थी। अरकू सेक्शन सिंगल लाइन मार्ग है, जिसके चलते हादसे के बाद इस पूरे सेक्शन में रेल यातायात बाधित हो गया। घटनास्थल जगदलपुर से लगभग 240 किलोमीटर दूर स्थित है।

मौके पर पहुंचे एक वरिष्ठ रेल अधिकारी ने बताया कि हादसा अनंतगिरी घाट क्षेत्र में हुए भू-स्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण हुआ। पहाड़ी से एक विशाल चट्टान टूटकर ट्रैक पर गिर गई थी, जिससे मालगाड़ी टकरा गई। राहत की बात यह रही कि घटना के करीब डेढ़ घंटे पहले ही इसी ट्रैक से किरंदुल–विशाखापत्तनम नाइट एक्सप्रेस गुजर चुकी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे की टीम ने इंजन को पटरी पर वापस लाने और ट्रैक की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि शाम तक रेल लाइन बहाल होने की संभावना है।


[metaslider id="133"]