[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

“बोनस दो वरना ट्रांसपोर्ट रोको” – दीपका में मजदूरों का फूटा गुस्सा, SECL प्रबंधन पर सीधा निशाना

कोरबा,17अक्टूबर (वेदांत समाचार) । दीवाली से पहले दीपका क्षेत्र में ठेका मजदूरों का सब्र टूट गया। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर शुक्रवार को सैकड़ों मजदूरों ने “बोनस दो — हक दो” और “प्रबंधन होश में आओ” के नारों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया।

कोयला मजदूर पंचायत के बैनर तले हुए इस आंदोलन में मजदूरों ने आरोप लगाया कि दीपावली आने को है, लेकिन अभी तक PLI बोनस और कई मजदूरों का तीन माह का वेतन लंबित है। मजदूर नेताओं ने कहा कि ठेका कंपनियां बोनस देने में आनाकानी कर रही हैं और SECL प्रबंधन की मिलीभगत से यह सब हो रहा है। उनका कहना है कि महाप्रबंधक के पास अधिकार है कि ठेकेदारों के बिल से बोनस की राशि काटकर मजदूरों को दें, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी दीपावली से पहले बोनस वितरण को लेकर “दबाव की राजनीति” चल रही है। मजदूरों ने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर बोनस का भुगतान नहीं हुआ, तो दीपका क्षेत्र में कोयला परिवहन रोक दिया जाएगा।

हालांकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन मजदूरों के गुस्से से माहौल गरम रहा। किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर न पहुंचने से नाराजगी और बढ़ गई।
मजदूरों ने कहा — “इस बार दीपावली दीयों से नहीं, न्याय की लौ से जलेगी।”

[metaslider id="133"]