[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

त्योहारी सीजन में बड़ी रकम का लेनदेन करने में पर्याप्त सावधानी बरतें लोग…

सराफा व पटाखा कारोबारियों की बैठक ली टीआई तिवारी ने

कोरबा,17अक्टूबर (वेदांत समाचार) । धनतेरस, दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को ध्यान में रखते हुए कटघोरा थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने की। सराफा व्यापारियों एवं पटाखा दुकान संचालकों को आवश्यक निर्देश देने के साथ लोगों से कहा गया कि अगर वे बड़ी रकम का लेनदेन कर रहे हैं तो इस दौरान बिल्कुल चौकन्ने रहे।

बैठक में थाना प्रभारी तिवारी ने त्योहारों के दौरान बढ़ती व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों में भीड़भाड़ और आर्थिक लेन-देन बढऩे के कारण अपराधियों की सक्रियता की संभावना भी बढ़ जाती है, ऐसे में सभी व्यापारियों को सतर्कता और सावधानी बरतनी होगी। सभी दुकान संचालक अपनी दुकानों में सीसीटीव कैमरे अनिवार्य रूप से चालू रखें और उसकी डीवीआर सिस्टम की जांच समय-समय पर करते रहें।

ग्राहकों की संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगाह रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या परिस्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। भारी रकम का लेन-देन सावधानीपूर्वक करें और यथासंभव डिजिटल भुगतान का उपयोग बढ़ाएं। दुकान बंद करते समय ताले, शटर और सुरक्षा उपकरणों की जांच अवश्य करें। पटाखा दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी दुर्घटना न घटे। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी 112 या कटघोरा थाना पुलिस को तुरंत दें। थाना प्रभारी तिवारी ने कहा कि पुलिस बल द्वारा त्योहारों के दौरान विशेष गश्त एवं निगरानी बढ़ाई जाएगी, ताकि नागरिक बिना किसी भय के शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मना सकें।

[metaslider id="133"]