दुर्ग,16अक्टूबर (वेदांत समाचार) । दुर्ग का सड़क फिर एक बार खून से लाल हो चुका है। दीपावली से ठीक पहले बुधवार रात शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक पटेल चौक कलेक्ट्रेट के सामने दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
दरअलस, हादसा रात करीब 10:30 बजे का है, जब तीनों स्कूटी सवार गंजपारा रोड की ओर से इंदिरा मार्केट की तरफ जा रहे थे। मृतकों की पहचान सलमा (25 वर्ष) और खिलेश्वर साहू, दोनों निवासी कुंद्रा पारा, अटल आवास दुर्ग के रूप में हुई है। वहीं उनकी सहेली कुमोदनी गोड़ घायल हुई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटनास्थल पर स्कूटी (CG 07 CY 5899) क्षतिग्रस्त हालत में और मृतकों की चप्पलें बिखरी हुई मिलीं।
दुर्ग नगर निगम का कचरा ट्रक (CG 07 CZ 4314) पुलगांव की दिशा से मालवीय रोड की ओर जा रहा था। उसी समय स्कूटी सवार तीनों सड़क पार कर रहे थे। तभी ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी ट्रक के पिछले हिस्से में पूरी तरह फंस गई और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि हादसे में नगर निगम के कचरा ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। चालक को हिरासत में लेकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।



