Vedant Samachar

KORBA:हरदीबाजार में आज होगी भूमि सर्वे की कार्रवाई, प्रशासन ने कसी सुरक्षा की कमर

Vedant samachar
2 Min Read

अतिरिक्त कलेक्टर मनोज बंजारे रहेंगे सम्पूर्ण प्रभारी, पुलिस बल तैनात

कोरबा,15 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। कोरबा जिले के SECL दीपका परियोजना से प्रभावित ग्राम हरदीबाजार में भूमि और परिसंपत्तियों के सर्वे कार्य के लिए बुधवार, 15 अक्टूबर को जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सर्वे प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन और पुलिस दोनों ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है।

सर्वे के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कार्यपालिक दण्डाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस कार्य की सम्पूर्ण जिम्मेदारी अतिरिक्त कलेक्टर मनोज बंजारे को सौंपी गई है।

कलेक्टर के आदेशानुसार जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनमें एसडीएम पाली सीमा पात्रे, डिप्टी कलेक्टर रोहित सिंह, तहसीलदार दीपका अमित केरकेट्टा, तहसीलदार बरपाली अभिजीत राजभानू, तहसीलदार कटघोरा प्रियंका चन्द्रा, तहसीलदार हरदीबाजार विष्णु प्रसाद पैकरा, नायब तहसीलदार पाली सुश्री राशिका अग्रवाल तथा नायब तहसीलदार हरदीबाजार संदीप गुप्ता शामिल हैं।

सर्वे के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस बल भी मुस्तैद रहेगा। नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक को पुलिस प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ थाना प्रभारी हरदीबाजार निरीक्षक मृत्युंजय पांडेय, थाना प्रभारी दीपका उप निरीक्षक प्रेमचंद साहू और थाना प्रभारी कुसमुण्डा उप निरीक्षक राकेश गुप्ता भी तैनात रहेंगे।

इसके अलावा जिले के विभिन्न थाना-चौकियों से पुलिस बल बुलाया गया है तथा बटालियन से सशस्त्र बल के जवान भी हरदीबाजार में तैनात किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय का बल भी स्थल पर मौजूद रहेगा। प्रशासन का कहना है कि सर्वे कार्य के दौरान पूर्ण शांति और पारदर्शिता के साथ प्रक्रिया संपन्न की जाएगी।

Share This Article